संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू होने की संभावना है। इस सत्र में केंद्र सरकार महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल ला सकती है। इसके तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करना है। हालांकि, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ते विवाद के कारण इस सत्र में राजनीतिक टकराव भी देखने को मिल सकता है। आज की बाकी बड़ी खबरें… दिल्ली के पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल का हिस्सा गिरा, 8 लोग घायल दिल्ली के पहाड़गंज के काशेरुवालन इलाके में आज निर्माणाधीन होटल की इमारत का एक हिस्सा ढह गया। हादसा उस समय हुआ, जब दूसरी मंजिल की छत का लेंटर डाला जा रहा था। हादसे में 8 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इमारत को सहारा देने वाले कॉलम गीले मिले और ढांचे में झुकाव भी पाया गया। सूचना मिलने पर दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कुलगाम आतंकी हमले में 3 CRPF जवानों की मौत की फर्जी खबर फैलाने वाला गिरफ्तार, फेसबुक से किया था पोस्ट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में 11 नवंबर को हुए आतंकी हमले को लेकर झूठी खबर फैलाने के आरोप में बांदीपोरा पुलिस ने मोमिन उल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी 'बांदीपोरा वाला' नाम से फेसबुक पेज चलाता था। उसने पोस्ट में दावा किया था कि हमले में CRPF के तीन जवान मारे गए हैं, जबकि यह जानकारी गलत थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर फर्जी पोस्ट हटवा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा से जुड़ी खबरों की पुष्टि किए बिना उन्हें सोशल मीडिया पर साझा न करें। भारत से न्यूयॉर्क का सफर 5 घंटे घटा, एअर इंडिया ने चार रूटों पर नॉन-स्टॉप उड़ानें फिर शुरू की एअर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए सभी चार रूटों पर सीधी उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं। एयरस्पेस से जुड़ी रोक में छूट मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। इससे यात्रियों को रोम में ईंधन भरने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा। अब करीब 22 घंटे का सफर घटकर 17 घंटे रह जाएगा। दरअसल, पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने और मध्य पूर्व में तनाव के चलते एयर इंडिया की कुछ उड़ानों को रोम में तकनीकी ठहराव लेना पड़ रहा था। अब दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के JFK और नेवार्क एयरपोर्ट के लिए नॉन-स्टॉप सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ नहीं मिला मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार शाम सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। रेलवे पुलिस के कंट्रोल रूम को शाम करीब 6:40 बजे फोन आया था, जिसमें स्टेशन पर बम रखे होने की बात कही गई थी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन की जांच की। डॉग स्क्वॉड की मदद से लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों के प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और पार्सल एरिया की तलाशी ली गई। हालांकि, कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति, विस्फोटक या लावारिस सामान नहीं मिला। अधिकारियों ने बताया कि बम की धमकी अफवाह निकली। दिल्ली के बवाना में डबल मर्डर, गोली मारकर हत्या के बाद ईंट से पीटकर आरोपी को मार डाला दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके बवाना में आपसी विवाद के दौरान दो लोगों की हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोनू ने सचिन नाम के व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने सोनू के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को घटना की सूचना आधी रात के करीब मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य जानकारियां जुटा रही है। दिल्ली के शोरूम के चेंजिंग रूम में मिली 18 साल की लड़की की लाश, पिता ने जीजा पर लगाया आरोप दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक शोरूम के चेंजिंग रूम में 18 साल की लड़की का शव मिला है। शोरूम के अंदर शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया। लड़की की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता ने बताया कि उन्हें रात 9 बजे पता चला कि दुकान में उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूरज ने उनकी बेटी की हत्या की है, जो उसका जीजा है। पिता ने मामले में शामिल सभी 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें सजा दिलाने की मांग की है।
कॉकरोच पार्टी ने किया संगठन का विस्तार, 10 राज्यों और क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त, कोऑर्डिनेशन कमेटियां भी बनाईं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को संगठन विस्तार के तहत 10 राज्यों और क्षेत्रों में जोनल प्रभारी नियुक्त किए और स्टेट और रीजनल कोऑर्डिनेशन कमेटियां बना दीं। CJP ने 10 राज्यों में संगठन विस्तार किया, वेस्ट में क्षितिज पागर और नॉर्थ में डॉ. विवेक संगवान को प्रभारी बनाया है। UP में 16, महाराष्ट्र में 15, झारखंड-नॉर्थईस्ट में 14-14 सदस्यीय कमेटी बनाई है। झारखंड स्थापना दिवस पर PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि झारखंड स्थापना दिवस और आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिल्ली में संसद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे। इस दौरान पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किए गए। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ यानी ‘हमारा देश, हमारा राज’ का नारा दिया। उनके जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर हुआ था। मध्य प्रदेश से चुने गए पुरी ने छोड़ी यूपी की राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया। पुरी का यूपी से कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म होना था। पुरी 5 नवंबर को मध्यप्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। उनका नया कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा। मध्य प्रदेश की यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी। नेपाल के जनकपुर से अयोध्या के बीच चलेगी ट्रेन रेलवे बोर्ड ने नेपाल के जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच वीकली ट्रेन को मंजूरी दी है। यह 604 किमी का सफर तय करेगी। ट्रेन बिहार और यूपी के कई शहरों में रुकेगी। इसके ठहराव जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर में होंगे। शनिवार को जनकपुर से चलेगी और सोमवार को अयोध्या से वापसी करेगी। अभी तारीख तय नहीं हुई है।