गलती से बांग्लादेश की बॉर्डर में जा पहुंचे बीएसएफ जवान की सुरक्षित वापसी हो गई है। जवानो के मंगलवार सुबह बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने हिरासत में ले लिया था। जवान की सुरक्षित वापसी के लिए फ्लैग मीटिंग हुई। इसके बाद बांग्लादेश ने भारतीय जवान को सुरक्षित भारतीय सेना के सुपुर्द कर दिया। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स देश के पूर्वी हिस्से में 4096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा करती है। आज की बाकी बड़ी खबरें… आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में गैस लीक; 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया आंध्रप्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में ONGC के गैस कुएं से भारी गैस रिसाव हुआ, जिसके चलते 1 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले करीब 800 लोगों को वहां से हटाना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह 5 बजे की है। इस साल जिले में ONGC की गैस लीक होने की यह चौथी घटना है। ONGC के एक अधिकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे 216 (NH 216) के पास गेड्डाडा गांव में एक गैस कुएं पर काम (वर्कओवर ऑपरेशन) चल रहा था, तभी सुबह करीब 5 बजे गैस का रिसाव शुरू हो गया। प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 'वॉटर ब्लैंकेट' (पानी की बौछार का घेरा) का इस्तेमाल किया गया। ओडिशा तट के पास जहाज में पानी भरा, तटरक्षक बल ने 27 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाया ओडिशा तट के पास मंगलवार को एमवी विश्व उदय नाम के जहाज में पानी भरने लगा और इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज के 27 क्रू मेंबर्स को बचा लिया। जहाज को सुरक्षित खींचकर मंगलवार सुबह तट पर लाया गया। जहाज एमवी विश्व उदय पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से पूर्वी अफ्रीका के मोजाम्बिक जा रहा था, तभी इसमें खराबी आ गई जिससे यह समुद्र के बीच फंस गया। जहाज में पानी भरने लगा, जिससे इसके डूबने का खतरा पैदा हो गया था। कांग्रेस ने यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी बनाईं; यूपी में माकन और पंजाब में प्रसाद को कमान कांग्रेस ने चुनाव वाले राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां बनाई हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख अजय माकन होंगे, जबकि पंजाब में सिरिवेल्ला प्रसाद होंगे। उत्तराखंड में दीपा दासमुंशी, गोवा में केजे जॉर्ज और मणिपुर में बीएम संदीप कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के प्रमुख होंगे। ये नियुक्तियां चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा से काफी पहले की गई हैं। इन पांचों राज्यों में चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। आंध्र प्रदेश में ONGC के कुएं से गैस का रिसाव, आसपास के इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले के मामिडिकुदुरु मंडल के एक गांव में ONGC के कुएं से बड़े पैमाने पर गैस का रिसाव हुआ है। कुएं में दोबारा ड्रिलिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान यह घटना हुई। गैस रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास के इलाकों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। रिसाव को रोकने के लिए आपातकालीन टीमें तैनात की गई हैं। दिल्ली के न्यू लाइट होटल की सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी आग, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने पाया काबू दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित न्यू लाइट होटल की सबसे ऊपरी मंजिल पर आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल हादसे में किसी नुकसान की जानकारी नहीं आई है। पीएम मोदी के गृहनगर वडनगर में बने संग्रहालय ने जर्मनी में 'रेड डॉट अवार्ड 2026' जीता मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को बताया कि गुजरात के मेहसाणा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर में स्थित एक पुरातात्विक अनुभव संग्रहालय (आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरिएंशियल म्यूजियम) ने बर्लिन में प्रतिष्ठित 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड 2026' जीता है। 'अनंत अनादि वडनगर' नाम का यह पुरातात्विक अनुभव संग्रहालय 1,35,000 वर्ग फुट के क्षेत्र में बना है और 2025 में बनकर तैयार हुआ था। शिक्षा मंत्रालय ने JNU के कुलपति पद के लिए आवेदन मंगाए शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के अगले कुलपति की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह कदम मौजूदा कुलपति शांतिश्री धूलिपुडी पंडित का कार्यकाल अगले साल फरवरी में समाप्त होने से पहले उठाया गया है। आवेदकों का प्रतिष्ठित शिक्षाविद होना जरूरी है। उनके पास किसी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 साल का अनुभव, किसी प्रतिष्ठित शोध, शैक्षणिक प्रशासनिक संगठन में 10 साल का अनुभव होना चाहिए। त्र्यंबकेश्वर देवस्थान: 74 साल बाद 30 एकड़ वापस महाराष्ट्र के नाशिक स्थित त्र्यंबकेश्वर देवस्थान की करोड़ों रुपए की 30 एकड़ जमीन 74 साल बाद ट्रस्ट को वापस मिली है। 1952 में अडसरे परिवार ने खुद को गलत तरीके से काश्तकार दर्ज कराया था। अधिकारियों ने बिना जांच इसे मान लिया, जबकि पुराने ट्रस्टियों ने जमीन वापस लेने की कोशिश नहीं की। एक वरिष्ठ वकील की कानूनी लड़ाई के बाद 90 दिनों में यह रिकॉर्ड रद्द हुआ।