ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन बुधवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मिले। प्रिंस ने इस मुलाकात को खास मौका बताया। प्रिंस विलियम और केट 3 दिन के दौरे पर 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे। मुंबई में वे अर्थशॉट प्राइज सेरेमनी में शामिल हुए। इस दौरान दोनों ने गली क्रिकेट खेला, जबकि प्रिंस विलियम इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते हुए भी नजर आए थे। आज की बाकी बड़ी खबरें… वोट चोर, गद्दी छोड़ वाले वीडियो को हटाने की मांग, सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को करेगा सुनवाई सुप्रीम कोर्ट ने हैदराबाद में हुए भारत शिखर सम्मेलन के एक वीडियो को हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई शुक्रवार को होगी। इस वीडियो में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने भाजपा के खिलाफ 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए थे। उन्होंने इसका अंग्रेजी में अनुवाद भी किया और राहुल गांधी का समर्थन किया था। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि विदेशी नेता ने भारत के घरेलू राजनीतिक मामले में दखल दिया। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने की मांग की है। साथ ही, सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधियों को दी गई अनुमति और उनके वीजा की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में SIT बनाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों की वकीलों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को जांच के निर्देश दिए दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से सोशल मीडिया पर वकीलों के खिलाफ की गई आपत्तिजनक पोस्ट की जांच करने को कहा है। ये पोस्ट निलंबित पुलिस अधिकारियों के अकाउंट से की गई थीं। कोर्ट ने याचिकाकर्ता से पोस्ट के लिंक और सबूत केंद्र सरकार को देने को कहा, ताकि मामले की जांच हो सके। मामला शाहदरा थाने में एक वकील के साथ कथित मारपीट के बाद पुलिस और वकीलों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। वकीलों ने पुलिस अधिकारियों पर दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया था। सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट मामले में कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को सोनिया गांधी के खिलाफ निजी शिकायत पर दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी। शिकायत में आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में वोटर लिस्ट में दर्ज था। उस समय तक उन्होंने भारतीय नागरिकता हासिल नहीं की थी। एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को तय की है। उस दिन पुलिस की रिपोर्ट पर विचार किया जाएगा। यह शिकायत राउज एवेन्यू कोर्ट में सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और वकील विकास त्रिपाठी ने दायर की है। उन्होंने सोनिया गांधी पर जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। मणिपुर में गैस सिलेंडर लीक होने से घर में लगी आग, मां और उसके 2 बेटों की जलकर मौत मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मैबाम चिंगमांग माखा लेइकाई गांव में मंगलवार रात गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण एक घर में आग लग गई। हादसे में 36 साल की महिला और उसके दो बेटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान खंगज्रकपम ओंगबी रंजना और उनके 14 और 7 साल के बेटों के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घर लकड़ी और बांस से बना था और उसकी छत टिन की थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई। मां और दोनों बच्चे घर के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। यह इलाका नंबोल पुलिस स्टेशन के तहत आता है दिल्ली के मुंडका में गोदाम में लगी आग, 9 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू नई दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 5:12 बजे एक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 6:40 बजे आग पर काबू पा लिया। आग दोबारा न भड़के, इसके लिए मौके पर फायर ब्रिगेड ने पानी डालने का काम शुरू किया। आग बुझाने के लिए 4 वाटर टेंडर, 3 वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन और एक मोटरसाइकिल यूनिट तैनात की गई थी। हादसे में फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मनीला में 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पीएम मोदी नई दिल्ली लौटे, आज प्रिंस विलियम से मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में दो दिवसीय उच्च-स्तरीय राजनयिक यात्रा पूरी करके बुधवार तड़के नई दिल्ली लौट आए। इस यात्रा के दौरान उन्होंने मनीला में आयोजित 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। फिलीपींस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) में भाग लिया। इसके अलावा, आसियान शिखर सम्मेलन से इतर, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के साथ 'क्वाड' (QUAD) नेताओं के शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। ग्रैमी अवॉर्ड के लिए पहली बार तमिल गाना नॉमिनेट हुआ, 100 साल पहले लिखी गई कविता भगवान कृष्ण को समर्पित है तमिल गाने ‘वरुवाई’ को 69वें ग्रैमी पुरस्कारों की बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक कैटेगरी में नामांकन मिला है। इसे ग्रैमी के लिए नामांकित पहला तमिल गाना बताया जा रहा है। देवन एकंबरम और सुशा ने इसे गाया है। यह गाना महान तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती की रचना पर आधारित है। एक सदी से भी पहले लिखी गई भारती की यह कविता भगवान कृष्ण को समर्पित एक भक्ति रचना है। 69वें ग्रैमी अवार्ड्स 7 फरवरी 2027 को लॉस एंजिल्स के क्रिप्टो.कॉम एरिना में आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धा वालकर हत्याकांड: जेल प्रशासन ने आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की सुरक्षा पर नई स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की तिहाड़ जेल प्रशासन ने मंगलवार को आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की सुरक्षा को लेकर एक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। ​​आफताब श्रद्धा वालकर हत्याकांड के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में है। साकेत कोर्ट ने 6 नवंबर को यह रिपोर्ट मांगी थी। आरोपी ने अदालत को बताया था कि उसे धमकी देने वाले पांच कैदियों में से सभी को वहां से नहीं हटाया गया है; तीन कैदी अभी भी उसी सुरक्षा सेल में मौजूद हैं। इसके बाद ही यह रिपोर्ट मांगी गई थी। एडिशनल सेशन जज (ASJ) हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने इस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिया और मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर के लिए तय की। इस दिन स्टेटस रिपोर्ट और आफताब अमीन पूनावाला की सुरक्षा को लेकर आगे के निर्देश दिए जाएंगे। आंध्र प्रदेश: पीएम मोदी की मां के नाम पर बनेगा मंदिर, 3 लाख से मूर्ति तैयार आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन मोदी के नाम पर मंदिर बनाया जा रहा है। यह काम माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसायटी कर रही है। 15 नवंबर को अडोनी से भाजपा विधायक पीवी पार्थसारथी ने मंदिर की नींव रखी। हीराबेन की संगमरमर की एक मूर्ति पहले ही तैयार कर ली गई है, जिसे करीब 3 लाख रुपये की लागत से बनवाया गया है। ट्रस्ट की योजना परिसर में पहले गोशाला बनाने की है। कॉम्प्लेक्स में अनाथालय बनाने का भी प्लान है। साल 1923 में जन्मीं हीराबेन मोदी का निधन 30 दिसंबर 2022 को 99 साल की उम्र में हुआ था। इंडिगो विमान की रनवे से उड़ान रोकी, 236 सुरक्षित मेंगलुरु से बेंगलुरु जा रहे इंडिगो विमान की सोमवार शाम उड़ान रोक दी गई। विमान रनवे पर रफ्तार पकड़ चुका था, तभी पायलट ने ब्रेक लगाए। एयरलाइन ने तकनीकी खराबी बताई है। विमान में 229 यात्री और चालक दल के सात सदस्य थे। सभी सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरे विमान से रवाना किया गया।