अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने हाई ब्लड प्रेशर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नकली दवाओं की सप्लाई करने वाले रैकेट के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जेबी केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने गुजरात फूड एंड ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन में नकली NICARDIA RETARD 10 (Nifedipine Sustained Release Tablets IP 10 mg) के बाजार में प्रसार और बिक्री को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। नकली दवाओं के सोर्स का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए क्राइम ब्रांच और फूड एंड ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन की अलग-अलग टीमें बनाई गईं थीं। आज की अन्य बड़ी खबरें… पीएम मोदी का 29 अगस्त से दो देशों का दौरा, उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान जाएंगे पीएम मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा करेंगे। वह 29-30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की द्विपक्षीय यात्रा पर रहेंगे, जबकि 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिज में 26वें SCO समिट में हिस्सा लेंगे। अभिषेक बनर्जी के निजी गार्ड्स ने पुलिसकर्मियों को रोका, अवैध होर्डिंग हटाने आ रहे थे TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी गार्ड्स ने कोलकाता स्थित उनके दफ्तर में अवैध होर्डिंग हटाने के लिए आ रहे पुलिसकर्मियों और सिविक अधिकारियों को रोकने की कोशिश की। मणिपुर के कांगपोकपी में उग्रवादियों ने गाड़ी पर घात लगाकर हमला किया, 4 की मौत मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार 27 अगस्त को उग्रवादियों ने एक गाड़ी पर घात लगाकर हमला किया। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। यह हमला मकुई अशांग और थाबांबा नागा के बीच एक सुनसान इलाके में हुआ। हमले के बाद एक व्यक्ति लापता है। मारे गए चारों लोग लियांगमई नागा समुदाय के थे। अधिकारियों ने बताया कि उनकी मौत मौके पर ही हो गई। बेंगलुरु की नेशनल लॉ स्कूल ने दीक्षांत समारोह रद्द किया, छात्रों ने CJI के समारोह में शामिल होने का विरोध किया था बेंगलुरु की नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) ने 2026 बैच का दीक्षांत समारोह रद्द कर दिया है। छात्रों ने दीक्षांत समारोह में CJI सूर्यकांत के शामिल होने का विरोध किया था। यूनिवर्सिटी ने 27 अगस्त को कहा कि कुछ जरूरी कारणों के चलते 12 सितंबर को होने वाला समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। छात्रों को गवर्निंग बॉडी की मंजूरी के बाद बिना समारोह के डिग्री दी जाएगी। उन्हें प्रमाणपत्र कूरियर से मंगाने या कैंपस से लेने का विकल्प मिलेगा। वहीं, CJP के सौरव दास ने उम्मीद जताई कि ग्रेजुएटिंग बैच अपना अलग समारोह आयोजित करेगा और छात्रों को सम्मानित करने के लिए किसी विशेष अतिथि को बुलाएगा। खड़गे ने PM मोदी को चिट्ठी लिखी, परिसीमन और मानसून सत्र का जिक्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने PM मोदी को परिसीमन, संसद के मानसून सत्र और विशेष सत्र को लेकर चिट्ठी लिखी है। यह जानकारी एक पोस्ट के ज़रिए दी गई। पोस्ट में बताया गया कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने पिछली शाम एक टीवी इंटरव्यू में संभावित विशेष सत्र का ज़िक्र किया था। चिट्ठी में इन सभी मुद्दों पर बात की गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में पुलिस ने उमर खालिद-शरजील इमाम की जमानत का विरोध किया दिल्ली पुलिस ने फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं का दिल्ली हाईकोर्ट में विरोध किया है। पुलिस ने दोनों को दंगों का मास्टरमाइंड बताया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि दोनों की जमानत याचिकाएं गलत आधार पर दाखिल की गई हैं और कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी को दोनों को जमानत देने से इनकार करते हुए उनकी भूमिका को अन्य सह-आरोपियों से अलग कमांड अथॉरिटी के रूप में माना था। पुणे में दो मजदूरों की ड्रेनेज चैम्बर में फंसने से मौत, पिछले साल भी 3 मजदूरों की मौत हुई थी पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में ड्रेनेज चैंबर के अंदर फंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा रात में लोकमान्य अस्पताल के पास हुआ। मृतकों की पहचान अमोल शिंदे (20) और मनोज शिंदे (26) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच कर रही है कि उन्हें यह काम किसने सौंपा था और रात में वे ड्रेनेज चैंबर के अंदर क्या कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पिछले साल भी इसी जगह तीन मजदूरों की मौत हुई थी। हैदराबाद में पूर्व मंत्री और BRS विधायक हरीश राव हाउस अरेस्ट हैदराबाद में पूर्व मंत्री और BRS विधायक दल के डिप्टी फ्लोर लीडर हरीश राव को उनके कोकापेट स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट किया गया है। हरीश राव को किस वजह से हाउस अरेस्ट किया गया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने ₹10 करोड़ की चरस जब्त की, सप्लायर गिरफ्तार मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बांद्रा टर्मिनस के पास करीब 10 करोड़ रुपए की चरस बरामदगी के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। 17 अगस्त को वर्ली यूनिट ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 10 किलो चरस बरामद की थी। इसके बाद निर्मलनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चरस सप्लाई करने वाले व्यक्ति की जानकारी दी। इसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने 23 अगस्त को स्थानीय पुलिस की मदद से बिहार के पूर्वी चंपारण से सप्लायर को गिरफ्तार किया। आंध्र प्रदेश के पलनाडु में बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, 7 की मौत, 8 घायल आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार को एक बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा चिलकलूरिपेट मंडल के अड्डा रोड के पास हुआ। बस विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही थी, तभी उसने 15 यात्रियों को लेकर जा रहे ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। चिलकलूरिपेट के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल और एक ने चिलकलूरिपेट के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। असम के बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के डिप्टी स्पीकर की मौत, घर में फंदे से लटके मिले बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के डिप्टी स्पीकर बिजित ग्वरा नरजारी बुधवार को असम के तमुलपुर स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, नरजारी अपने घर में फंदे से लटके हुए पाए गए। उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है। नरजारी बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के 26 नंबर दरांगाजुली परिषद निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे और BTC के डिप्टी स्पीकर के पद पर कार्यरत थे। असम राइफल्स ने ₹168 करोड़ की ड्रग्स जब्त की, एक गिरफ्तार असम राइफल्स ने राजस्व खुफिया निदेशालय, सिलचर के साथ मिलकर असम के कछार जिले में संयुक्त अभियान चलाकर करीब 168 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह अभियान मंगलवार और बुधवार की रात कछार जिले के लखीपुर के जुज्हांग पहाड़ इलाके में चलाया गया। इस दौरान 5,60,000 याबा टैबलेट बरामद की गईं, जिनका वजन करीब 60 किलोग्राम है। अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, ड्रग्स की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को भी जब्त किया गया है। असम राइफल्स के मुताबिक, यह खेप मणिपुर से लाई गई होने की आशंका है और इसे NH-37 के रास्ते असम ले जाया जा रहा था। पुणे में 200 से ज्यादा गणेश मंडलों ने डीजे-फ्री गणेशोत्सव का समर्थन किया महाराष्ट्र के पुणे में 200 से ज्यादा गणेश मंडलों ने इस साल बिना DJ के गणेशोत्सव मनाने का फैसला किया है। आयोजक पारंपरिक तरीके से उत्सव मनाएंगे और तेज आवाज वाले म्यूजिक सिस्टम से बचेंगे। पुणे पुलिस ने भी साफ किया है कि तय सीमा से ज्यादा तेज आवाज में DJ बजाने की अनुमति नहीं होगी। नियम तोड़ने पर म्यूजिक सिस्टम जब्त किया जाएगा। गणेश मंडल पारंपरिक ढोल-ताशा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देंगे। दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की युवती की चाकू मारकर हत्या दिल्ली के पश्चिमी इलाके तिलक नगर में 21 साल की युवती की घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी।