सुप्रीम कोर्ट ने CBSE से कहा है कि वह इस शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6 के छात्रों को तीन-भाषा नीति से छूट देने पर विचार करे। कोर्ट ने कहा कि अगर संभव हो तो इस साल के छात्रों के लिए कुछ राहत दी जाए। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली 3 जजों की बेंच ने CBSE की तीन-भाषा नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई 17 सितंबर तक टाल दी। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह सुझाव सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता को दिया। आज की बाकी बड़ी खबरें… तमिलनाडु मे TVK के नेतृत्व में नया गठबंधन बना, नाम सेक्युलर, सोशल जस्टिस, विक्ट्री फ्रंट होगा तमिलनाडु के CM विजय की अध्यक्षता में सहयोगियों की बैठक में TVK के नेतृत्व वाले गठबंधन बनाने का फैसला किया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस गठबंधन का नाम 'सेक्युलर, सोशल जस्टिस, विक्ट्री फ्रंट' रखा गया है। TVK अध्यक्ष और CM विजय गठबंधन का नेतृत्व करेंगे। यह गठबंधन उपचुनाव लड़ेगा। बैठक के बाद TNCC अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने यह जानकारी दी। TVK के साथ गठबंधन में कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) शामिल हैं। मारुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (MDMK) भी इस गठबंधन का हिस्सा है। CPI(M) और CPI सरकार को बाहर से समर्थन दे रही हैं। जेल में 21 किलो वजन घटा, हाईकोर्ट ने जमानत दे दी बॉम्बे हाई कोर्ट ने धमकी और ब्लैकमेल के मामले में गिरफ्तार 59 वर्षीय व्यक्ति को जमानत दे दी है। कोर्ट ने इस बात पर ध्यान दिया कि जेल में 48 दिनों के दौरान उसका वजन 21 किलोग्राम घट गया, जिसे कोर्ट ने चिंताजनक बताया। जून में गिरफ्तार किए गए राधा मोहन मिश्रा ने मेडिकल आधार पर जमानत के लिए हाई कोर्ट का रुख किया था। जस्टिस मिलिंद जाधव की बेंच ने सोमवार को कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि मिश्रा की मेडिकल स्थिति गंभीर है। दिल्ली के ओखला में सिलेंडर ब्लास्ट, एक की मौत, 4 घायल दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार को एक कम्युनिटी हॉल के पास ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। इसके बाद तीन वॉटर टेंडर और एक मल्टी-कैजुअल्टी फर्स्ट रिस्पॉन्डर गाड़ी को मौके पर भेजा गया। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना और मृतक की पहचान से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार है। दिल्ली में कारोबारी के फ्लैट से 2.5 करोड़ की ज्वेलरी और कैश चोरी दिल्ली के तिमारपुर में एक कारोबारी के फ्लैट से करीब 2.5 करोड़ रुपए का कैश, सोना और हीरे की ज्वेलरी चोरी हो गई। घटना के समय कारोबारी का परिवार ऑस्ट्रेलिया में था। पुलिस को शक है कि चोरी में घर के दो नौकरों अनिल और विक्की का हाथ है। दोनों के पास फ्लैट की चाबी थी और घटना के बाद से फरार हैं। CCTV फुटेज में दोनों की फ्लैट के आसपास गतिविधियां दिखाई दी हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए टीमें बनाई हैं। फुटेज के अलावा उनके आने-जाने और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। कर्नाटक PWD मंत्री सतीश जारकीहोली से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कर्नाटक के PWD मंत्री सतीश जारकीहोली और कुछ अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई एक जांच के सिलसिले में की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने बेंगलुरु में मंत्री के डॉलर्स कॉलोनी स्थित आवास समेत करीब 18 ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। मामले में फिलहाल ED की कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। कोलकाता के 919 होटल-गेस्ट हाउस को बंद करने का नोटिस, फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन का आरोप कोलकाता में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले 919 होटल और गेस्ट हाउस को अस्थायी रूप से बंद करने के नोटिस दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य फायर सर्विस विभाग, कोलकाता नगर निगम और कोलकाता पुलिस की संयुक्त टीमों ने अब तक 960 होटल और गेस्ट हाउस की जांच की है। इनमें सिर्फ 41 जगहों पर फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम नियमों के मुताबिक मिले। यह जांच 19 अगस्त की सुबह कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित शिखा इन गेस्ट हाउस में लगी आग के बाद तेज की गई। इस हादसे में 7 बांग्लादेशी नागरिकों समेत 9 लोगों की मौत हुई थी। मुंबई में इंपोर्टेड ट्रेडमिल में छिपाकर रखा 1.10 करोड़ का सोना बरामद, 2 गिरफ्तार राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने मुंबई में सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने इंपोर्टेड ट्रेडमिल के अंदर छिपाकर रखा करीब 1.10 करोड़ रुपए का सोना बरामद किया है। मामले में एक चीनी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI के मुताबिक, जांच में सामने आया कि चीनी नागरिकों का एक समूह भारतीय सहयोगियों के साथ मिलकर सोने की तस्करी कर रहा था। आरोपी वैध कारोबारी चैनल के जरिए भारत में इंपोर्ट की जाने वाली मशीनरी के अंदर सोना छिपाकर ला रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति का संबंध उस आयात करने वाली फर्म से है, जिसके जरिए यह मशीनरी भारत लाई गई थी। DRI अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 4 घंटे से आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी गुजरात के सूरत में सरोली इलाके के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग ने 20 से ज्यादा कर्मियों को हाइड्रोलिक उपकरणों के साथ मौके पर भेजा। दमकलकर्मी करीब चार घंटे से आग बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में जुड़ा; आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से जानकारी मांगी नई दिल्ली में चल रहे वोटर लिस्ट रिवीजन के बीच BJP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में जुड़ गया है। AAP ने इस पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग (EC) से प्रक्रिया की जानकारी मांगी है। पार्टी यह जानना चाहती है कि 31 अगस्त की ड्राफ्ट लिस्ट में 746 नाम होने के बाद चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के रूप में कैसे जोड़ा गया। चड्ढा ने आरोपों पर कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के सभी लागू दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं का पालन किया है। ओडिशा के जंगल में मिले ओरंगुटान के 5 बच्चे, सरकार ने जांच के दिए आदेश ओडिशा के बालासोर जिले के बिचित्रपुर जंगल में मंगलवार सुबह ओरंगुटान के पांच बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। ये भारत में नहीं पाए जाते हैं। मुख्य रूप से इंडोनेशिया, मलेशिया, बोर्नियो और सुमात्रा में रहते हैं। आशंका है कि इन्हें हवाई, जल या रेल मार्ग से तस्करी करके लाया गया होगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक ओरंगुटान की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपए बताई जाती है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मांस के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भवानीपुर में शिकायत दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार छोड़ने की बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की अपील पर पश्चिम बंगाल में विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने मंगलवार को भवानीपुर थाने में पुलिस शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मध्य कोलकाता कांग्रेस अध्यक्ष मानस सरकार ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि 5 सितंबर को हावड़ा के ‘हनुमान कथा’ कार्यक्रम में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूजा के समय जो लोग मछली-मांस खाते हैं, वे वास्तव में धार्मिक नहीं हैं; वे ‘पाखंडी’ यानी ‘ढोंगी’ हैं। मनोज जरांगे की मराठा युवाओं से अपील, आत्महत्या न करें, मैं आपके लिए अनशन कर रहा हूं महाराष्ट्र के जालना में मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मराठा समुदाय के बच्चों और युवाओं से आत्महत्या नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे उनके लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। जरांगे ने कहा, “मराठा समुदाय के सभी बच्चों और युवाओं से मेरी विनम्र अपील है। कृपया आत्महत्या न करें। मैं आपके लिए संघर्ष कर रहा हूं। मैं आपके मुद्दे के लिए अनशन और लड़ाई लड़ रहा हूं। न्याय एक दिन आएगा। सहारा रिफंड पोर्टल शुरू, 20 लाख दावे बहाल होंगे केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय ने केंद्रीय सहकारी समिति रजिस्ट्रार के तहत ‘सहारा रिफंड पोर्टल’ को बहाल कर दिया है। इससे सहारा समूह की सहकारी समितियों के वास्तविक जमाकर्ताओं के 20 लाख लंबित दावों का सत्यापन और प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है। अब तक 42 लाख जमाकर्ताओं को 9,267 करोड़ रुपए वापस किए जा चुके हैं। यह पैसा सीधे आधार-लिंक्ड बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। केंद्र ने कहा कि जमाकर्ता नए दावे पेश करने के लिए केवल आधिकारिक सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल का उपयोग करें।