डीग जिले के बृजनगर थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी का एक मामला सामने आया है। यहां तस्करों की पिकअप गाड़ी का डीजल खत्म हो गया, जिसके बाद वे गोवंश से भरी पिकअप को सड़क पर छोड़कर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर बृजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गोवंश को आजाद कराया। यह घटना बृजनगर-खेड़ली मार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, तस्कर एक पिकअप गाड़ी में गोवंश भरकर ले जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। इसके बाद तस्कर गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने गोवंश से भरी पिकअप देखी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बृजनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पिकअप को पुलिस ने किया जब्त पुलिस ने पिकअप गाड़ी की जांच की और उसमें मौजूद गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला और आजाद कराया। इसके बाद पुलिस ने गोवंश से भरी पिकअप को जब्त कर लिया। पुलिस अब जब्त की गई गाड़ी के आधार पर उसके मालिक और गोवंश ले जाने वाले लोगों की पहचान करने में लगी है। पुलिस गाड़ी के कागजात और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के इलाके में पूछताछ कर भागे हुए तस्करों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यह जानकारी सामने आ पाएगी कि गोवंश को कहां से लाया गया था और उसे कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल बृजनगर थाना पुलिस ने पिकअप जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है और भागे हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।