भरतपुर। बीएसएनएल के तीसरे वेतन संशोधन को लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को कर्मचारियों और पेंशनर्स ने संचार परिसर स्थित बीएसएनएल एसएसए मुख्यालय पर लंच आवर में प्रदर्शन किया। ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ बीएसएनएल और ऑल इंडिया बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी और पेंशनर्स शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने तीसरा वेतन संशोधन लागू करो सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की। विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि वेतन संशोधन की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने सरकार और बीएसएनएल प्रबंधन से इसे जल्द लागू करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि मांग पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी, कर्मचारी और पेंशनर्स मौजूद रहे।