बूंदी में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। कार्यकर्ता अहिंसा सक्रिय सर्किल पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिला अध्यक्ष महावीर मीणा ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवा दिए हैं। मीणा ने ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाने और उनके फैसलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरेंद्र सिंह झाला ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने निष्पक्षता के बजाय पक्षपात किया है। कांग्रेस इस मुद्दे पर देशभर में आंदोलन कर रही है। इस दौरान विधायक हरिमोहन शर्मा, जिला महासचिव इश्तियाक अली, बूंदी ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण मीणा, हिंडोली अध्यक्ष लक्ष्मण बैरवा सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।