बूंदी के तालेड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर वेदांता कॉलेज के पास मंगलवार सुबह कार में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सीने में गोली लगी हुई थी। मृतक की पहचान कोटा निवासी मोहम्मद यकीन पुत्र इस्माइल के तौर पर हुई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यकीन कारों में एसी लगाने और मरम्मत का काम करता था तथा कोटा भामाशाह मंडी में ‘मदनी’ नाम से दुकान संचालित करता था। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। डाबी से लौटते समय क्या हुआ, पुलिस जुटा रही कड़ियां जानकारी के अनुसार मोहम्मद यकीन सोमवार को किसी काम से डाबी आया था। देर रात वह अपनी कार से कोटा लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह उसका शव तालेड़ा थाना क्षेत्र में वेदांता कॉलेज के पास उसकी ही कार की ड्राइवर सीट पर मिला। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डाबी से लौटते समय उसके साथ क्या हुआ और वह वेदांता कॉलेज के पास कैसे पहुंचा। कार के सामने से चली गोली, शीशा तोड़कर सीने में लगी प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावर ने कार के सामने से गोली चलाई। गोली कार का शीशा तोड़ते हुए ड्राइवर सीट पर बैठे यकीन के सीने में लगी। उसके शरीर पर गोली के निशान मिलने की बात सामने आई है। कार से कारतूस सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण और गोली लगने से जुड़ी परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगी। एसपी से लेकर एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण घटना की सूचना मिलने पर तालेड़ा थाना प्रभारी मुकेश यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी अवनीश कुमार, डीएसपी गंगा सहाय सहित पुलिस के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। खनन कारोबारी का भाई बताया जा रहा मृतक पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मोहम्मद यकीन को डाबी के एक खनन व्यापारी का भाई बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के संपर्क में रहे लोगों और सोमवार को डाबी में उसकी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। CCTV फुटेज से हमलावर तक पहुंचने की कोशिश पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतक के आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद के घटनाक्रम को जोड़ा जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर किस रास्ते से आया और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुआ। परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे घटना की जानकारी मिलने के बाद कोटा से मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कंटेंट: शंकर सिंह डाबी