राजस्थान में शनिवार को पंचायत चुनावों की घोषणा हो गई है। बूंदी जिले में तीसरे और चौथे चरण पंचायत राज चुनाव होंगे। इसके साथ ही जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। तीसरे चरण में तालेड़ा पंचायत समिति में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 4 नवंबर को होंगे। पंच और सरपंचों के लिए 6 नवंबर को चुनाव होंगे। चौथे चरण में बूंदी, खटकड, दबलाना, हिंडौली, नैनवां, लाखेरी और केशवरायपाटन में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 14 नवंबर को होंगे। पंच और सरपंचों के लिए 16 नवंबर को चुनाव होंगे। जिले में कुल 7 लाख 11 हजार 789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में 27 जिला परिषद सदस्य, 142 पंचायत समिति सदस्य और 235 सरपंच चुने जाएंगे। कुल 8 पंचायत समितियां हैं।