बूंदी में बुधवार देर शाम दलेलपुरा चौराहे पर 2 बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 2 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद दोनों घायल सड़क पर पड़े थे। इसी दौरान डोबरा महादेव से बूंदी आ रहे युवा नेता तुषार जांगिड़ ने घायलों को देखा। उन्होंने तुरंत अपनी कार रोकी और दोनों घायलों को बूंदी के जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जजावर क्षेत्र के ताकला निवासी 40 वर्षीय बहादुर सिंह पुत्र जगदीश दरोगा को सिर में गंभीर चोट के कारण ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया। उनके सिर में गहरा घाव होने से टांके लगाए गए। बहादुर सिंह का इलाज चल रहा है। दूसरा घायल अस्पताल पहुंचने के बाद बिना बताए चला गया। हादसे में घायलों की तुरंत करनी चाहिए मदद तुषार जांगिड़ ने बताया कि बहादुर सिंह और दूसरा व्यक्ति गंभीर हालत में थे और उनका काफी खून बह रहा था। एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय उन्होंने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाना सही समझा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सड़क हादसे में घायलों की मदद के लिए आगे आएं, क्योंकि समय पर मिली मदद जान बचा सकती है।