बूंदी में 8 दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब मामले की जांच को लेकर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाया है। एफएसएल टीम ने जरूरी सैंपल लिए, इसके बाद शव को दोबारा दफनाया गया। मामला तालेड़ा थाना इलाके का है। 29 सितंबर को शंभूपुरा स्थित नए एयरपोर्ट के पास कार में मोहम्मद यकीन का शव मिला था। उनके शव पर गोली के निशान थे। मृतक के परिजनों की मौजूदगी में क्रब से वापस निकाला शव तालेड़ा थाना अधिकारी मुकेश यादव ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस हर संभावित पहलू की पड़ताल कर रही है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। मोहम्मद यकीन कोटा के रहने वाले थे। परिजनों ने उन्हें बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान में दफनाया था। मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पुलिस टीम आज बोरखेड़ा स्थित कब्रिस्तान पहुंची थी। इसके बाद मोहम्मद यकीन के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने जांच के लिए आवश्यक सैंपल लिए। उम्मीद है कि फोरेंसिक जांच से हत्या से जुड़े अहम सुराग सामने आ सकते हैं। 29 सितंबर को कार में मिला था शव 29 सितंबर को शंभूपुरा में नए एयरपोर्ट के पास एक कार के अंदर मोहम्मद यकीन का शव मिला था। उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच शुरू की। हालांकि कई दिन बीतने के बावजूद अब तक वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और घटना से पहले और बाद के घटनाक्रम को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोहम्मद यकीन आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थे और वारदात से पहले वह किन स्थानों पर गया था।