बाड़मेर निदेशालय गोपालन विभाग जयपुर के निर्देश पर रविवार को श्री गोपाल गोशाला गेहूं रोड में विश्व पशु कल्याण दिवस मनाया गया। प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अदिति कुमावत के नेतृत्व में गोशाला में पशु चिकित्सा शिविर लगा। शिविर में 49 नवजात बछड़े-बछड़ी, 12 बड़े गोवंश को कृमिनाशक दवा पिलाई गई। इलाज किया गया। डॉ. अदिति कुमावत ने बताया कि पशुओं के सभी बाड़ों की साफ-सफाई करवाई गई। स्वच्छ जल प्रबंधन के लिए पीने के पानी के पात्रों में समुचित व्यवस्था की गई। जूं, चिचड़ी, मक्खी, मच्छर से गोवंश में मौसमी बीमारी न फैले, इसके लिए गोशाला की सफाई कर गोशाला की जमीन पर 2 प्रतिशत साइपरमेथरीन घोल के छिड़काव के दिशा-निर्देश दिए गए। शिविर में महेश कुमार सोनी, प्रागाराम पशुधन निरीक्षक सहित गोशाला स्टाफ मौजूद रहा। गोशाला कमेटी की सदस्य नयना जांगिड़ ने बताया कि गोवंश को रोज हरा चारा दिया जा रहा है। पशुपालन विभाग समय-समय पर गोशाला में शिविर लगाता है। सभी गोवंश का टीकाकरण होता है। कृमिनाशक दवा दी जाती है। स्वास्थ्य प्रबंधन किया जाता है। बाड़मेर. गौशाला में गाय को दवाई पिलाते हुए।