नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद रविवार को सचिन पायलट की ओर से निकाली जा रही धन्यवाद रैली के दौरान घंटाघर पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घंटाघर पर स्वागत के समय आतिशबाजी हुई। इसके बाद पायलट के काफिले में शामिल एक कार में अचानक आग लग गई। पहले कार के निचले हिस्से से धुआं निकला। आग नगर पालिका पीपलू के निर्दलीय पार्षद कंवरपाल विदुड़ी की कार में लगी। शुरुआती तौर पर आतिशबाजी के दौरान छोड़े गए पटाखे से आग लगने की संभावना सामने आई है। आग लगने के सही कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। कार में धुआं और आग दिखते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत कार को काफिले से अलग कर दिया। इससे आग के दूसरे वाहनों तक पहुंचने का खतरा टल गया।