भास्कर न्यूज | मुंडियर कस्बे से गुजर रहे एनएच-27 पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर जिम्मेदार विभागों के अधिकारी बेपरवाह हैं। हाईवे पर दिन-रात मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं वाहन चालकों के लिए जरूरी सूचना के बोर्ड फट चुके हैं। जबकि इसके बाद भी वाहन चालकों से बराबर टोल वसूला जा रहा है। बड़ी संख्या में मवेशी हाईवे पर बैठे रहते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशी आने से चालकों के लिए वाहन नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। खासकर रात के अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी दूर से दिखाई नहीं देते। पास जाने पर मवेशी दिखाई देने पर उन्हें अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है या वाहन को दूसरी तरफ मोड़ना पड़ता है। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहन से टक्कर अथवा वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया है। इसके बावजूद हाईवे से मवेशियों को हटाने या उन्हें दोबारा सड़क पर आने से रोकने के लिए स्थायी इंतजाम नहीं किए गए। बदहाल हो चुके हैं सूचना बोर्ड मुंडियर टोल प्लाजा के दोनों तरफ हाईवे पर लगाए गए सूचना बोर्डों की स्थिति भी खराब है। कई बोर्ड टूट चुके हैं, जबकि कुछ जगहों पर उन पर लगे फ्लैक्स फट चुके हैं। कहीं क्षतिग्रस्त बोर्ड लटकते नजर आते हैं तो कहीं सिर्फ लोहे का ढांचा बचा है। इन बोर्डों पर चालकों को टोल से जुड़ी छूट, दिशा-निर्देश और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध होती थी। लेकिन बोर्डों के टूटने या गायब होने के कारण अब वाहन चालक परेशान है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हाईवे से मवेशियों को हटाने के साथ उनके दोबारा सड़क पर आने की रोकथाम के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। साथ ही दोनों तरफ टूटे और गायब सूचना बोर्डों को तत्काल दुरुस्त कर नए बोर्ड लगाए जाएं।