सरकारी स्कूलों में नवाचार और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर स्कोच अवॉर्ड मिला है। नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में सीडीईओ डॉ. संतोष कुमार महर्षि व उनकी टीम ने ये अवॉर्ड प्राप्त किया। चूरू पहुंचने पर सीडीईओ व उनकी टीम ने कलेक्टर अभिषेक सुराणा को अवॉर्ड प्रस्तुत किया। डॉ. महर्षि ने बताया कि कलेक्टर सुराणा के निर्देशन में जिला प्रशासन की तरफ से तकनीकी व रोजगारपरक शिक्षा तथा युवाओं को उद्यमिता व स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की दिशा में इनोवेट चूरू नवाचार किया, जिसे ये अवॉर्ड मिला है। कलेक्टर ने कहा कि यह विद्यार्थियों, शिक्षकों और जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों की उपलब्धि है। इस अवसर पर इन्क्यूबेशन सेंटर एसीपी विनोद कुमारी, डीओआईटी जेडी नरेश टूहानिया, मेंटर टीचर गौरव शर्मा, सहायक निदेशक शिवराज सिंह उपस्थित थे।