हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को चक खरका गांव के लोग IG ऑफिस पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इसके बजाय चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर राजीनामे का दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए IG ऑफिस पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। वहीं, ग्रामीणों में से 5 लोगों को IG से मिलने के लिए भेजा गया। मंदिर निर्माण के दौरान 30-40 लोगों ने किया हमला चक खरका निवासी मदनपाल ने बताया कि 4 जुलाई को वह अपने पिता के परिवार के लोगों के साथ गांव में मंदिर का निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 30 से 40 लोगों ने लाठी-डंडों से उनके ऊपर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मदनपाल के पिता बच्चू बंजारा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। 7 आरोपी गिरफ्तार, 14 अभी फरार मदनपाल की ओर से घटना की FIR दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने लोकेन्द्र, मिथलेश, बंटी, सुभाष, सौरभ, रमेश और अनीता को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार 14 आरोपी अभी भी फरार हैं। मदनपाल का कहना है कि जब पुलिस से बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई तो पुलिस की ओर से कहा गया कि 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब क्या पूरे गांव को गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्य आरोपी वीरेंद्र की गिरफ्तारी की मांग मदनपाल और उसके परिवार के लोगों की मांग है कि FIR में जिन-जिन आरोपियों के नाम दर्ज हैं, उन सभी को गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि हत्या का मुख्य आरोपी वीरेंद्र अभी भी फरार है। पुलिस से वीरेंद्र की गिरफ्तारी के बारे में पूछने पर कहा जाता है कि वह भाग गया है। चोरी का झूठा केस दर्ज कराने का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या के आरोपियों ने पुलिस से मिलीभगत कर मदनपाल के परिजनों के खिलाफ चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। इसके बाद परिवार पर हत्या के मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाया गया। इसी के विरोध में मदनपाल और गांव के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवाने की शिकायत लेकर IG ऑफिस पहुंचे हैं।