जयपुर के चाकसू में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक एक ही गांव श्रीकिशनपुरा के रहने वाले थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को कोटखावदा के सरकारी अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना कोटखावदा थाना क्षेत्र की दोपहर करीब 3 बजे की है। हादसा श्रीकिशनपुरा गांव से करीब 2 किलोमीटर पहले खेड़ारानिवास रोड पर एक निजी बीएड कॉलेज के पास हुआ। कोटखावदा थाना इंचार्ज उदय भवन यादव ने बताया- सूचना मिली थी कि दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। वहां से एंबुलेंस की सहायता से दोनों को कोटखावदा सरकारी अस्पताल ले जाया गया। दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्रीकिशनपुरा गांव निवासी रोशन मीणा (25) पुत्र कैलाश मीणा और हरकेश मीणा (30) पुत्र कल्याण मीणा के रूप में हुई है। दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए है। पदयात्रा का सामान लेने गए थे ग्रामीणों ने बताया- गांव में एक पदयात्रा का कार्यक्रम चल रहा है। हरकेश पदयात्रा का सामान लेने जा रहा था, रोशन गांव में पदयात्रा का सामान लेकर लौट रहा था। दोनों की बाइक तेज रफ्तार में थी और दोनों जल्दबाजी में थे। इसी के चलते दोनों की आपस में भिड़ंत हो गई। रोशन की शादी को छह महीने हुए थे। उसके परिवार में तीन भाई है जिसमें वह सबसे छोटा था। हरकेश की शादी दो साल पहले हुई थी। हरकेश तीन भाई बहन है। हरकेश बीच का था। दोनों मृतकों के कोई संतान नहीं थी। दोनों खेती का काम करते थे।