चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया स्थित एक टाइल्स फैक्ट्री में काम करने वाले एक कर्मचारी की शिकायत पर गंगरार थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद मामला दर्ज किया है। कर्मचारी ने फैक्ट्री से जुड़े एक व्यक्ति पर रुपए वापस करने के बावजूद गिरवी रखे सोने के आभूषण और सुरक्षा के तौर पर दिए गए बैंक चेक वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने पूरी राशि चुका दी, लेकिन इसके बावजूद उसका सामान और चेक वापस नहीं किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करीब 7 साल से फैक्ट्री में काम करने का बताया संबंध भटवाड़ा खुर्द निवासी पप्पूलाल प्रजापत ने रिपोर्ट में बताया- वह पिछले करीब 7 साल से चंदेरिया स्थित जैन टाइल्स फैक्ट्री में काम कर रहा है। इसी दौरान उसका संपर्क फैक्ट्री से जुड़े मनीष कुमार जैन से हुआ। पप्पूलाल के अनुसार, करीब 5 साल पहले आर्थिक जरूरत पड़ने पर उसने मनीष कुमार से रुपए लिए थे। इसके बदले उसने अपनी सोने की रामनामी और अन्य आभूषण गिरवी रखे थे। रुपए लौटाने के बाद भी सामान नहीं देने का आरोप पप्पूलाल ने शिकायत में बताया- उसने मनीष कुमार से लिए गए रुपए वापस कर दिए थे। उसका दावा है कि कुल 1 लाख 10 हजार रुपए की राशि चुकाने के बाद भी उसके द्वारा गिरवी रखे गए आभूषण और अन्य सामान वापस नहीं किए गए। इसके साथ ही सुरक्षा के तौर पर दिए गए बैंक के चेक भी वापस नहीं किए गए। रेत की 10 ट्रिप के भुगतान को लेकर भी विवाद शिकायतकर्ता ने बताया कि मनीष कुमार की ओर से उससे रेत की 10 ट्रिप मंगवाई गई थीं। आरोप है कि इन रेत की ट्रिप की राशि का भुगतान भी नहीं किया गया। पप्पूलाल का कहना है कि जब उसने अपने रुपए और सामान वापस मांगे तो उसे चेक लगाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। सुरक्षा चेक से 43 हजार रुपए निकालने का आरोप पप्पूलाल ने आरोप लगाया कि उसके द्वारा सुरक्षा के तौर पर दिए गए चेक का इस्तेमाल कर बैंक से 43 हजार रुपए निकाल लिए गए। उसका कहना है कि ये चेक केवल सुरक्षा के लिए दिए गए थे, लेकिन राशि चुकाने के बाद भी उनका इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। थाने और एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी पप्पूलाल के अनुसार, उसने सबसे पहले मामले की शिकायत गंगरार थाना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी परिवाद दिया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। कोर्ट ने परिवाद में बताए गए तथ्यों और उपलब्ध जांच रिपोर्ट को देखने के बाद पुलिस को मामला दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच कोर्ट के आदेश के बाद गंगरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान संबंधित पक्षों से पूछताछ के साथ डॉक्यूमेंट्स और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।