राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने चाकसू की ग्राम पंचायत चंदलाई में 4 करोड़ 51 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें अटल पथ, सड़क चौड़ीकरण और निर्माण से जुड़े काम शामिल हैं। इन स्वीकृत कार्यों में पंचायत भवन से चंदलाई बाजार तक चौड़ीकरण और नाली अंडर पथ निर्माण कार्य शामिल है। साथ ही, खेल मैदान चंदलाई से देवकीनंदनपुरा तक सड़क निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। डिप्टी सीएम बोलीं-सरकार बदलने का दौर खत्म इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के गांवों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम किया जा रहा है। सड़क विकास परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा व्यापार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा- राज्य सरकार विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ गांव-गांव तक बेहतर और मजबूत आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण जैसे कार्य ग्रामीण विकास की गति को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राजस्थान में अब एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस सरकार बनने का दौर खत्म होगा। केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए हैं, जिनका असर गांवों तक दिख रहा है। पंचायत चुनाव को लेकर जताया भरोसा उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है, अब पंचायत चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर विकास की तीसरी कड़ी मजबूत करें। कार्यक्रम में चंदलाई रामसागर बांध को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने की संभावनाओं पर भी बात हुई। पर्यटन से स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार चंदलाई के प्रशासक अनिरुद्ध सिंह राजावत ने बताया-चंदलाई बांध में देश-विदेश से कई प्रवासी पक्षी आते हैं। यह इलाका प्राकृतिक पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं रखता है। उन्होंने कहा कि बांध को प्रदूषण से मुक्त करने और इसके आसपास के क्षेत्र का संरक्षण करने से पर्यटन के नए मौके बन सकते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इस दौरान ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड चंदलाई की तरफ से मृतक ऋणी सदस्य राम नारायण योगी के नामित शंकर लाल को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने 10 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया। कार्यक्रम में श्री राजपूत सभा अध्यक्ष राम सिंह राजावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।