तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कार से 12 साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। राहत की बात यह है कि पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद बच्ची को सुरक्षित बचा लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात बच्ची के माता-पिता चेन्नई के वल्लनचेरी में एक रेस्टोरेंट के बाहर अपनी कार खड़ी करके खाना खाने गए थे। बच्ची कार की पिछली सीट पर सो रही थी। जब माता-पिता खाना खाकर बाहर आए, तो उन्होंने पाया कि उनकी कार और बच्ची दोनों गायब थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुडुवनचेरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तलाशी के लिए विशेष टीमें गठित कीं।

कैसे बची बच्ची?

सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बच्ची मयिलादुथुराई जिले के सिरकाझी स्थित न्यू बस स्टैंड के पास कार से उतरकर किसी तरह भागने में सफल रही। उसने वहां मौजूद ऑटो रिक्शा चालकों को पूरी घटना बताई और मदद मांगी। ऑटो चालकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सिरकाझी महिला पुलिस स्टेशन पहुँचाया। पुलिस ने तुरंत उसके माता-पिता से संपर्क किया और बच्ची को सुरक्षित उनके हवाले कर दिया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, आरोपी का दावा है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार में बच्ची सो रही है, वह सिर्फ कार चोरी करना चाहता था। इस पर पुलिस का कहना है कि अगर उसका मकसद सिर्फ वाहन चोरी करना था, तो वह बच्ची को 230 किलोमीटर दूर तक अपने साथ क्यों ले गया? फिलहाल पुलिस आरोपी के इरादों, उसके बैकग्राउंड और घटना में किसी अन्य की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।