बारां के छबड़ा इलाके में पुलिस ने 70 कट्टे संदिग्ध डीएपी खाद के मामले में फरार 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। यह कार्रवाई किसानों को अच्छी खाद देने और अवैध खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन 'धरती पुत्र रक्षक' के तहत की गई है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में कृषि विभाग के साथ मिलकर एक खास अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कृषि विभाग छबड़ा और छबड़ा पुलिस को सूचना मिली थी। उन्होंने एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें 70 कट्टे संदिग्ध डीएपी खाद भरी थी। इसके बाद छबड़ा थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। जांच में मिले सबूतों और कृषि विभाग की रिपोर्ट के आधार पर थाने में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम ने जानकारी और तकनीकी मदद से दो आरोपियों को पकड़ा।