बारां के छबड़ा क्षेत्र में खेत की रखवाली कर घर लौट रहे 14 साल के नाबालिग की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है। तुर्कीपाड़ा निवासी नीरज मीणा (14) अपने खेत पर रखवाली करने गया था। बताया जा रहा है कि खेत से लौटते समय वह नदी किनारे पानी पीने के लिए रुका। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिर गया और डूब गया। नाबालिग नदी में गिरने की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। काफी कोशिशों के बाद ग्रामीणों ने नीरज को नदी से बाहर निकाला। उसे तुरंत छबड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाय। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। नीरज की मौत से परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।