विदाई से पहले मानसून एक बार फिर मेहरबान हो गया। इस सप्ताह में शनिवार को दूसरी बार छापी बांध से जल निकासी हुई। पिछले 24 घंटे में भालता और छापी बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश हुई। मध्यप्रदेश में भी शुक्रवार रात से शनिवार तक जोरदार बारिश हुई। इससे बांध भर गया। तेज बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। जेईएन चरत राम ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कैचमेंट एरिया में 29 एमएम बारिश दर्ज हुई। जलभराव क्षमता पूरी होने के बाद शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे दो गेट खोलकर निकासी शुरू की गई। शनिवार दोपहर चार गेट खोल दिए गए। गेट करीब आधा मीटर तक खोले गए। 5000 क्यूसेक से ज्यादा पानी निकाला गया। शनिवार को दिन में बारिश हुई। शाम 5 बजे तक चार गेट एक-एक मीटर ऊंचाई तक खोल दिए गए। 11091 क्यूसेक पानी की निकासी हुई।