लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज अपने समापन की ओर है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का आज चौथा और अंतिम दिन है। सुबह से ही विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों की भीड़ उमड़ पड़ी है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करेंगे।

देशभर के प्रमुख नदी घाटों, विशेषकर गंगा और यमुना के तटों पर भक्तों ने रात भर जागकर और वहीं रहकर सूर्योदय का इंतजार किया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में छठ की विशेष रौनक देखी जा रही है।

दिल्ली में विशेष इंतजाम

राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना घाटों पर पहुंचे हैं। दिल्ली पुलिस के अनुमान के मुताबिक, सूर्योदय के समय यमुना घाटों पर करीब सवा लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी अपनी सेवाओं का समय आगे बढ़ाते हुए सुबह 4:30 बजे से परिचालन शुरू कर दिया था, ताकि घाटों तक पहुंचने में किसी को परेशानी न हो।

विदेशों में भी छठ की धूम

छठ का यह महापर्व केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के वॉशिंगटन में भी प्रवासी भारतीयों ने पोटोमैक नदी के किनारे एकत्रित होकर छठ पूजा का आयोजन किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।