झुंझुनूं में सड़क पर पैदल चल रहे सरकारी टीचर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर गिरने से टीचर का सिर फट गया और कानों से खून बहने लगा। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां टीचर को मृत घोषित कर दिया गया। घायल बाइक सवार को झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। हादसा चिड़ावा-सूरजगढ़ रोड पर श्यालू बस स्टैंड के पास रविवार शाम करीब 7 बजे हुआ। घर से किसी काम से निकले थे जानकारी के अनुसार, बेरला ग्राम पंचायत (सूरजगढ़) के चीमा का बास निवासी सरकारी टीचर राजेश (35) पुत्र मांगे राम किसी काम से घर से निकले थे। घर से करीब 15 किलोमीटर दूर श्यालू बस स्टैंड के पास हादसा हो गया। सड़क पर पैदल चलते समय बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में टीचर का सिर फट गया और कानों से खून बहने लगा। हॉस्पिटल में टीचर को मृत घोषित किया जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य अशोक जांगिड़ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर समिति के सदस्य एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे थे। दोनों घायलों को चिड़ावा उप जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. सरोज पायल ने सरकारी टीचर राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूरजगढ़ के बड़ी सेही निवासी बाइक सवार राकेश पुत्र दुलीचंद की हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर किया गया। बेरला के सरकारी स्कूल में कार्यरत थे टीचर टीचर राजेश बेरला (सूरजगढ़) स्थित सरकारी स्कूल में कार्यरत थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश पैदल सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार राकेश ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए।