चित्तौड़गढ़ के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ वाटिका में मंगलवार रात भजन क्लबिंग हुई। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। जिसमें भक्ति और आधुनिक संगीत का अनोखा मेल देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 8 हजार श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। भजन गायक छोटू सिंह रावणा, दिल्ली के साधो भजन बैंड और फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करोली की भूमिका निभाने वाले कलाकार शोभिनव सत्या ने प्रस्तुतियां दी। हालांकि, बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के बाद बैठने की व्यवस्था बिगड़ गई। जिसके कारण कई लोग बिना कार्यक्रम देखे वापस लौट गए, जबकि कुछ जगहों पर बाउंसरों और लोगों के बीच कहासुनी भी हुई। भजन क्लबिंग में बदला धार्मिक संगीत सांसद सीपी जोशी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, हर्षवर्धन सिंह रूद, रघु शर्मा सहित कई भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की खास बात भजन क्लबिंग का कॉन्सेप्ट रहा। इसमें पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक कॉन्सर्ट की तरह पेश किया गया। बड़े साउंड सिस्टम, लाइटिंग और लाइव बैंड के साथ भजनों की प्रस्तुति दी गई। आमतौर पर क्लब या म्यूजिक कॉन्सर्ट में जिस तरह का माहौल होता है, उसी अंदाज में यहां भगवान के भजन और मंत्र गूंजते रहे। आयोजकों ने खास तौर पर युवाओं को जोड़ने के लिए भक्ति संगीत को नए अंदाज में प्रस्तुत किया। दिल्ली के साधो भजन बैंड ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में खास आकर्षण जोड़ा। बैंड के कलाकारों ने संगीत और भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को देर रात तक जोड़े रखा। भक्ति गीतों के साथ लोगों ने जयकारे लगाए और बड़ी संख्या में लोग अपनी जगह पर खड़े होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की गई, जिससे आयोजन का आकर्षण बढ़ गया। छोटू सिंह रावणा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। उन्होंने अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से लोगों को भक्ति में डुबो दिया। उन्होंने ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ और ‘तीन बाण के धारी’ सहित कई भजन प्रस्तुत किए। जैसे ही उनके भजन शुरू हुए, पांडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमने लगे। शोभिनव सत्या ने लगवाए जयकारे कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण कलाकार शोभिनव सत्या भी रहे। उन्होंने फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करोली की भूमिका निभाई है। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने चित्तौड़गढ़ की धरती पर आने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने एकलिंगनाथ, कालिका माता, सांवलिया सेठ, खाटू श्याम, महाराणा प्रताप और माता पद्मिनी के जयकारे लगवाए। शोभिनव सत्या ने अपनी आस्था से जुड़ा अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि मुंबई स्थित अपने फ्लैट में एक बार उन्होंने यूट्यूब पर घर बैठे नारियल के माध्यम से खाटू श्यामजी तक अरदास पहुंचाने से जुड़ी जानकारी देखी थी। इसके बाद उन्होंने हनुमानजी से प्रार्थना की थी कि उनकी ओर से खाटू श्यामजी तक अरदास पहुंचाएं। वीआईपी पास होने के बाद भी नहीं मिलीं कुर्सियां कार्यक्रम की शुरुआत में सभी लोगों के लिए फ्री एंट्री की बात कही गई थी, लेकिन बाद में वीआईपी पास की व्यवस्था सामने आई। हालांकि पास निशुल्क थे, लेकिन सामान्य शहरवासियों के लिए पास की व्यवस्था नहीं होने से कुछ लोगों में नाराजगी दिखाई दी। कई लोग कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के बाद भी अंदर नहीं जा सके और वापस लौट गए। दूसरी ओर, जिन लोगों के पास वीआईपी पास थे, उनमें से भी कई लोगों को बैठने के लिए कुर्सियां नहीं मिल पाईं। कुछ पास धारकों और उनके परिवारों को खड़े रहकर कार्यक्रम देखना पड़ा। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और यातायात पुलिस के जवानों की तैनाती की गई। पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक सहित पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन में जुटे रहे।