चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर क्षेत्र के आक्या गांव में बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के पिता रामसिंह आक्या को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार के साथ कुछ समय बिताया और दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह तय कार्यक्रम के अनुसार रहा। जिसे देखते हुए गांव में सुबह से ही प्रशासन और पुलिस अलर्ट रही। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और अन्य जरूरी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए थे। हेलीकॉप्टर से पहुंचे CM कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे आक्या गांव स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। वहां से विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय रामसिंह आक्या की फोटो पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान सहकारिता मंत्री गौतम दक, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद्र कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी और उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया भी मौजूद रहे। सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतेजाम मुख्यमंत्री के आने के कार्यक्रम को देखते हुए आक्या गांव में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव और चित्तौड़गढ़ एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव पूरे समय व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उनके साथ जिले के पांच डीएसपी, कई थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हेलीपैड से लेकर विधायक निवास तक सुरक्षा का मजबूत घेरा रखा गया था। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखी, जिससे मुख्यमंत्री का दौरा बिना किसी बाधा के पूरा हो सका। 73 साल की उम्र में हुआ निधन, 40 साल तक रहे सरपंच रामसिंह आक्या का जन्म 1 जनवरी 1953 को हुआ था। उनका निधन 28 सितंबर को 73 वर्ष की उम्र में हुआ, जबकि 29 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे इलाके के सबसे अनुभवी जनप्रतिनिधियों में से एक थे। लगातार आठ बार सरपंच चुने गए और करीब 40 साल तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। लंबे समय तक गांव के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने के कारण उनकी पूरे क्षेत्र में अलग पहचान थी। उनके निधन के बाद से लगातार प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि आक्या गांव पहुंचकर परिवार से मिल रहे हैं और शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।