चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र में पर्यटकों के पीछे लगकर उन्हें परेशान करने की शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लपकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ऐसे लोगों की गतिविधियों से पर्यटकों को असुविधा होती है और कई बार कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए दुर्ग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। क्यूआरटी, किला चौकी और कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया- चित्तौड़गढ़ दुर्ग प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं। पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी के तहत एसपी के निर्देश पर क्यूआरटी, किला चौकी और कोतवाली थाना पुलिस की विशेष टीम ने दुर्ग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। एएसआई सत्यनारायण के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए पर्यटकों के आसपास सक्रिय छह लोगों को पकड़कर गिरफ्तार किया। शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं आरोपी पुलिस ने जिन 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनमें जूना बाजार निवासी शिवम भाण्ड (19) पुत्र राजकुमार, सदर बाजार निवासी कन्हैया (23) लाल पुत्र गोपाल लाल भाण्ड, सदर बाजार के का गांव निवासी सोनू भाण्ड (22) पुत्र राजू भाण्ड, जूना बाजार के सिपाही मोहल्ला, सरफराज हुसैन पुत्र (24) आबिद हुसैन, जूना बाजार निवासी सैफिन रजा (24) पुत्र जुल्फकार अली और बजरंग चौक निवासी राजेंद्र वैष्णव (50) पुत्र बुरा वैष्णव शामिल हैं। आगे भी जारी रहेगा अभियान एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा- चित्तौड़गढ़ दुर्ग आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटकों को परेशानी से बचाने और दुर्ग की व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।