बीकानेर के नाल में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को सभा को संबोधित किया। गहलोत ने कहा- आप लोगों के आशीर्वाद से 3 बार मुख्यमंत्री बना। इस पर लोगों ने चौथी बार अशोक गहलोत सरकार के नारे लगाए। गहलोत ने कहा-आप ऐसे नारे मत मत लगाओ, हमारे बीच गलतफहमी होती है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, ये आलाकमान तय करता है। राहुल, प्रियंका, सोनिया गांधी तय करेंगे। इससे पहले नाल एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने गहलोत का स्वागत किया। गहलोत ने नाल बड़ी गांव में पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद वे हदां पहुंचे, जहां पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के पिता रघुनाथ सिंह भाटी के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। गहलोत बोले-मुख्यमंत्री के गृहजिले में विधायक की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी होनी चाहिए कि आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे और अपराधियों में कानून का डर हो। मुख्यमंत्री के गृह जिले में पूर्व विधायक की हत्या होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कोई मामूली घटना नहीं है। मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है, इसलिए उन्हें अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। मुख्यमंत्री को केवल बैठकों और दौरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कहा- श्रीडूंगरगढ़ दौरे पर रहूंगा, किसानों से मिलूंगा सूखे से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उनकी स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार राहत और सहायता उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। मैं बुधवार (14 अक्टूबर) को श्रीडूंगरगढ़ में सूखा प्रभावित किसानों से मुलाकात करूंगा और उनकी समस्याएं जानूंगा। 'कांग्रेस में सभी नेता मिलकर काम कर रहे' प्रदेश कांग्रेस में सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और अन्य नेता मिलकर काम कर रहे हैं। मैंने पहले भी स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी नेता एक हैं। मौजूदा परिस्थितियों का सामना करने के लिए हमें सामूहिक रूप से संघर्ष करना होगा। 'मतदाता सूची से लोगों के नाम नहीं कटने चाहिए' पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाकर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता का सवाल सामने रखा है। हरियाणा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के चुनावों में मतदाता सूचियों और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं। मतदाता सूची से लोगों के नाम नहीं कटने चाहिए। फॉर्म-6 के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि जनता का निर्वाचन व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। गहलोत बोले-छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए, मैंने पहल की थी युवाओं को लेकर ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए, जिससे उनमें नाराजगी बढ़े। नेपाल और श्रीलंका का उदाहरण सामने है। निकाय चुनाव और छात्रसंघ चुनाव समय पर होने चाहिए। मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में भी चुनाव करवाने की पहल की गई थी। अगर चुनाव नहीं होने के कारण आंदोलन शुरू होते हैं, तो राज्य सरकार जनता को क्या जवाब देगी? लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव जरूरी हैं। नाल एयरपोर्ट पर जुटे कांग्रेस नेता गहलोत के स्वागत के लिए नाल एयरपोर्ट पर पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल, पूर्व राज्य मंत्री महेंद्र गहलोत, कांग्रेस नेता अरविन्द मिढा, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।