चित्तौड़गढ़ में नवरात्र शुरू होने से पहले गरबा और डांडिया का माहौल बनने लगा है। इस बार शहर में होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। यही वजह है कि नवरात्र शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग गरबा सीखने पहुंच रहे हैं। शहर के महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति की ओर से निशुल्क गरबा वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यहां रोज शाम को गरबा की धुन पर अलग-अलग उम्र की महिलाएं और युवतियां अभ्यास कर रही हैं। आयोजकों का कहना है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग गरबा महोत्सव में हिस्सा लेते हैं। ऐसे में इस बार भी लोग पहले से तैयारी करना चाहते हैं, ताकि नवरात्र के दौरान बेहतर तरीके से गरबा कर सकें। गुजराती स्टेप्स सीखने पर सबसे ज्यादा जोर वर्कशॉप में सबसे ज्यादा ध्यान गुजराती हाथ गरबा और उसके अलग-अलग स्टेप्स पर दिया जा रहा है। प्रशिक्षक प्रतिभागियों को एक-एक स्टेप आसान तरीके से सिखा रहे हैं, ताकि पहली बार गरबा करने वाले लोग भी आसानी से सीख सकें। गरबा की ताल पर कदम मिलाने के साथ हाथों की मूवमेंट और समूह में एक साथ प्रस्तुति देने का भी अभ्यास कराया जा रहा है। नवरात्र में बेहतर प्रस्तुति देने के लिए कर रहे अभ्यास वर्कशॉप में शामिल होने वाले कई युवाओं का कहना है कि वे हर साल गरबा में हिस्सा लेते हैं, इसलिए इस बार भी पहले से तैयारी कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो पहली बार गरबा सीख रहे हैं। आयोजकों के अनुसार वर्कशॉप का उद्देश्य सिर्फ डांस सिखाना नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस सांस्कृतिक आयोजन से जोड़ना भी है। गरबे की धुन पर थिरकेगा शहर अभी श्रीनाथ गार्डन में गरबा के स्टेप्स सीखे जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद यही अभ्यास शहर के अलग-अलग गरबा पंडालों में नजर आएगा। नवरात्र के दौरान शाम होते ही चित्तौड़गढ़ में गरबा और डांडिया की रौनक दिखाई देगी। फिलहाल युवाओं और महिलाओं का उत्साह बता रहा है कि इस बार भी शहर में नवरात्र का पर्व सिर्फ पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गरबा और डांडिया के रंग में भी पूरी तरह नजर आएगा।