चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार देर रात एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ श्री सांवलिया जी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। रिठौला और बोजुंदा के बीच अज्ञात गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ चल रहे दो दोस्तों ने उसे सड़क पर लहूलुहान हालत देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस अब टक्कर मारने वाले अज्ञात गाड़ी की तलाश कर रही है। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। दोस्तों के साथ दर्शन के लिए निकला था देवकरण सदर थाने के ASI हीरालाल ने बताया- देवकरण उर्फ बिट्टू माली शुक्रवार रात अमावस्या के मौके पर श्री सांवलिया जी के दर्शन के लिए घर से निकला था। वह अपनी बाइक से जा रहा था, जबकि उसके दो साथी अलग बाइक पर उसके पीछे चल रहे थे। तीनों दोस्त साथ में दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में रिठोला और बोजुंदा के बीच अचानक एक अज्ञात गाड़ी ने देवकरण की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद देवकरण बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से साथी पहुंचे तो लहूलुहान हालात में पड़ा था हादसे के समय देवकरण के पीछे चल रहे उसके दोनों साथियों ने टक्कर होते हुए नहीं देखा। कुछ देर बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो देवकरण सड़क पर गिरा हुआ मिला। उसके शरीर से खून निकल रहा था और वह गंभीर हालत में था। दोनों साथियों ने तुरंत इसकी जानकारी देवकरण के परिवार को दी। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए जिला हॉस्पिटल ले गए। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले मौत घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और लोगों की मदद से देवकरण को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में मातम छा गया चौकीदारी का काम करता था मृतक मृतक देवकरण उर्फ बिट्टू अविवाहित था और चौकीदारी का काम करता था। शनिवार सुबह सदर थाना पुलिस ने जिला हॉस्पिटल में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई सदर थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक हीरालाल की रिपोर्ट पर पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश जारी हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को अभी तक टक्कर मारने वाले गाड़ी के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।