चौमूं में एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती कृष्णा उर्फ तनुश्री नाथावत की मौत हो गई। यह घटना 26 अगस्त की देर रात चौमूं शहर के रींगस रोड स्थित बंधे चौराहे के पास हुई। तनुश्री सामोद थाना क्षेत्र के ग्राम इटावा भोपजी की निवासी थी। जानकारी के अनुसार, तनुश्री अपने परिवार के साथ चाचा के बेटे का जन्मदिन मनाने चौमूं के एक होटल गई थी। जन्मदिन की खुशियां मनाने के बाद परिवार के सदस्य दो कारों में सवार होकर देर रात घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे चौमूं बंधे के पास उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और एक दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तनुश्री और उनके चाचा राजपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद, दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। तनुश्री की हालत गंभीर होने के कारण उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार दोपहर बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस घटना से पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।