चूरू में भाजपा के विनय गोयनका नगरपरिषद के नए सभापति बन गए हैं। इसके साथ ही नगरपरिषद में भाजपा का बोर्ड बन गया है। गोयनका के सभापति बनने के बाद भाजपा समर्थकों ने आतिशबाजी कर और मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। भाजपा समर्थकों ने राजेन्द्र राठौड़ व भाजपा जिन्दाबाद के नारे लगाए। नवनिर्वाचित सभापति गोयनका ने इस जीत को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा व पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत बताई। इससे पहले सोमवार सुबह 10 बजे नगर परिषद में मतदान शुरू हुआ। करीब सवा 11 बजे मतदान पूर्ण हो गया। इसके बाद मतगणना शुरू हुई। जिसमें भाजपा के विनय गोयनका को 34 वोट और कांग्रेस के संजय भाटी को 26 वोट मिले। 'शहर में साफ-सफाई रहेगी प्राथमिकता' रिटर्निंग अधिकारी श्वेता कोचर ने मतगणना पूरी होने के बाद सभापति पद के लिए विजयी हुए विनय गोयनका को पद की शपथ दिलाई और सर्टिफिकेट दिया। पद की शपथ लेने के बाद विनय गोयनका ने कहा कि शहर में बारिश के बाद एकत्रित होने वाले गंदे पानी की निकासी करवाना, शहर को साफ व स्वच्छ रखने के लिए सफाई व्यवस्था बनाये रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह बिना भेदभाव के शहर का विकास करवायेंगे।