चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात NH 11 पर एक हादसा हुआ। लूंछ फांटा से कुछ आगे लोक परिवहन बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार होटल मालिक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रतनगढ़ के होटल मोटल हवेली के संचालक मोहनलाल बंसल (60) और उनके कर्मचारी रामकिशोर (45) (खाड़िया बास निवासी) के रूप में हुई है। वे होटल से रतनगढ़ लौटते समय तेज रफ्तार बस की टक्कर का शिकार हुए। हादसे के बाद बस ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया। रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सरकारी जालान अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।