चूरू जिले में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के तहत गुरुवार को सरपंच और वार्ड पंच के पदों के आरक्षण के लिए लाटरी निकाली गई। यह लाटरी पंचायत समिति सभागार में निकाली गई। एसडीएम धीरज झाझड़िया ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्कूली बच्चों से लाटरी निकलवाई। परिसीमन के बाद पंचायत चुनाव में बदलाव आया है। पहले चूरू में एक पंचायत समिति थी, लेकिन अब दो पंचायत समितियां होंगी। इनमें चूरू मुख्यालय पर चूरू और चूरू उत्तर पंचायत समिति शामिल हैं। इन दोनों पंचायत समितियों में कुल 61 ग्राम पंचायतें हैं, जिनके सरपंच चुने जाएंगे।