चूरू जिले की रतननगर पुलिस ने शराब तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की टॉप-10 तलाश किए जा रहे अपराधियों की सूची में शामिल था। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश सिंह राजपूत (29) उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र के विषमा का रहने वाला है। वह रतननगर थाने में दर्ज राजस्थान आबकारी अधिनियम के एक मामले में लंबे समय से फरार था। पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एएसपी सुनील कुमार के निर्देश पर डीएसपी गजेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुभाषचंद्र के नेतृत्व में एक टीम बनी। इस टीम ने जानकारी जुटाकर और साइबर सेल की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह, मुनेश कुमार, जितेंद्र कुमार, मोनू मीणा और जिला साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल धर्मवीर की भूमिका अहम रही।