चूरू शहर के लाल घंटाघर के पास शनिवार दोपहर एक अज्ञात महिला बेहोशी की हालत में मिली। उसके सिर और माथे से खून बह रहा था। शराब ठेके के आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। एंबुलेंस ने घायल महिला को डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने महिला का इलाज शुरू किया। महिला अचेत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बताया कि महिला के सिर और मुंह से खून आ रहा था। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उसके साथ मारपीट हुई है या कोई और घटना हुई है। पूरी जानकारी महिला के होश में आने के बाद ही मिल पाएगी। सिर में चोट के कारण डॉक्टरों ने महिला का सिटी स्कैन और खून संबंधी अन्य जांचें करवाई हैं। महिला की हालत गंभीर देखते हुए इमरजेंसी वार्ड में महिला रोग विशेषज्ञ को भी बुलाया गया था। सिटी स्कैन की रिपोर्ट आने के बाद ही डॉक्टर महिला के इलाज में आगे की कार्रवाई करेंगे। फिलहाल अज्ञात महिला को अस्पताल में भर्ती कर डॉक्टरों की टीम की देखरेख में इलाज किया जा रहा है।