मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को बयाना पहुंचें। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा-देश में पानी से जुड़े 10 बड़े समझौते में 4 राजस्थान से जुड़े हैं। ढाई साल में कांग्रेस से 4 गुना ज्यादा बिजली पैदा हुई है। एक लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र युवाओं को दिए जा चुके हैं। आने वाले तीन साल में ग्रामीण क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपए के काम होंगे। इस दौरान भरतपुर संभाग के 993 करोड़ रुपए के 249 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। भरतपुर रोड स्थित हरनगर मोड़ के पास ये जनसभा हुई। वन स्टेट-वन इलेक्शन कराया-सीएम मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा-बयाना से मेरा जुड़ाव बेहद करीब का रहा है। लोग यहां के पर्यटन को बढ़ाने के लिए काम करें। सरकार भी इस दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस के समय में हर तीन महीने में कोई ना कोई चुनाव होता था। समय और पैसा बर्बाद होता था। विकास रुकता था। हमने विधानसभा में कहा था वन स्टेट वन इलेक्शन करेंगे। अब निकाय चुनाव हो गया है। एक साथ चुनाव होने से आम आदमी को फायदा हो रहा है। ऐसे ही ग्राम पंचायत चुनाव में तीसरा इंजन लगाकर विकास के आयाम को आगे बढ़ाएंगे। संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश की जा रही सीएम ने कहा- विपक्ष के लोग संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी सेना का मनोबल गिराने का काम करते हैं। सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग को बदनाम करते हैं। इन लोगों ने कभी जनता के बीच जाकर काम नहीं किया है। देश के पानी के 10 बड़े समझौते में 4 राजस्थान से जुड़े देश में पानी से जुड़े 10 बड़े समझौते में 4 राजस्थान से जुड़े हैं। मध्यप्रदेश से ईआरसीपी को लेकर पानी का समझौता हुआ, पहले की सरकारों ने क्यों नहीं किया। क्योंकि राजस्थान की जनता को वे फायदा नहीं देना चाहते थे। हरियाणा से यमुना समझौता हुआ. तीसरा समझौता नर्मदा का महाराष्ट् मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान का हुआ। चौथा समझौता 6 राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तरप्रदेश का समझौता हुआ। कांग्रेस ने बिजली उत्पादन में कुछ नहीं किया है। 5 साल में तीन हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया हैं। ढाई साल के अंदर हमने 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया है। हम पहले दूसरे राज्यों से बिजली लेते थे, अब बिजली बेचने वाले बन गए हैं। 2027 तक हम किसान को दिन में बिजली, उद्योग को पूरी बिजली और उपभोक्ता को 24 घंटे बिजली देंगे। एक लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दिए युवाओं को हमने 1 लाख 89 हजार नियुक्ति पत्र दे दिए है। 1 लाख 22 हजार के पेपर हो गए है। एक लाख 25 हजार की वैकेंसी निकाल दी है। संकल्प पत्र के 392 में से 78 प्रतिशत संकल्प हमने पूरे कर दिए हैं। आने वाले तीन साल में ग्रामीण क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपए के काम होंगे। कांग्रेस जिस तरह की राजनीति करती है, वह अब नहीं चलेगी। जनता के दुख-सुख, संवेदनाओं में शामिल होते हैं तो जनता का साथ मिलता है। मंच पर प्रभारी मंत्री सुरेश रावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत, डीग विधायक डॉ शैलेश सिंह, करौली विधायक दर्शन सिंह, पूर्व सांसद रंजीता कोली व रामस्वरूप कोली, पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल, अतर सिंह भड़ाना व ग्यारसाराम कोली, भरतपुर नगर निगम मेयर अनुराधा सिंह, बयाना नगरपालिका अध्यक्ष उषा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा मौजूद रहे।