सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा है कि विपक्ष हमारी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की बात कर रहा है। पिछले 4-5 दिनों से विपक्ष खासतौर पर कांग्रेस पार्टी गलत तथ्यों के आधार पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही हैं। 27 मई को सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को सही ठहराया, लेकिन उसके बाद भी जनता द्वारा नकारी गई कांग्रेस एसआईआर पर सवाल खड़े कर रही है। इस पूरे मामले में एक खबर को आधार बनाया गया, जबकि उस खबर को चुनाव आयोग ने तथ्यहीन ठहराया दिया। सीएम ने बीजेपी ऑफिस में प्रेस वार्ता के दौरान ये बातें कहीं। सीएम बोले- राहुल गांधी ने राफेल पर झूठ बोला सीएम भजनलाल ने कहा- राहुल गांधी ने विदेश में जाकर भारत के चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। राफेल पर झूठ बोला। बाद में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी। निर्णय पक्ष में नहीं आने पर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों पर सवाल उठाते हैं। यहां तक की भारत की सेना के शौर्य पर भी सवाल उठाते हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस से पूछे सवाल सीएम ने कहा कि मेरी कांग्रेस को सलाह है कि वह जनता के बीच जाकर जनता के लिए काम करने की आदत डालें। जनता उनको पूरी तरह से नकार चुकी है, जनता के बीच जाएंगे तो उनके लिए ठीक रहेगा। जनता के बीच काम करोगे तो कुछ मिल जाएगा। संस्थाओं को बदनाम करने का काम मत कीजिए। अगर इसी तरह से काम करते रही तो कांग्रेस रसातल में चली जाएगी। कांग्रेस के लोग जब भी चुनाव हारते हैं तो अपने कर्मों को नहीं, दूसरों पर ठीकारा फोड़ने का काम करते हैं। ये अपनी हार तो पचाते है, लेकिन दूसरे की जीत नहीं पचा पाते हैं। कोई भी चुनाव देख लीजिए, कांग्रेस जब-जब चुनाव हारी है उसने कहीं ना कहीं किसी पर आरोप जड़े हैं।