मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 28 सितंबर को भरतपुर व बयाना आएंगे। भरतपुर में सुबह 11 बजे विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर सकते हैं। संभावना है कि सीएम कर्मशिला और ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ विकास कार्यों का लोकापर्ण कराने की योजना भी बनाई जा रही है। वहीं बयाना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारी प्रशासन एवं भाजपा ने शुरू की हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भानू प्रताप राजावत ने कहा की भरतपुर जिले के नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को लेकर कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को धन्यवाद प्रस्ताव देंगे तथा भरतपुर में अब तक किए गए विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। संचालन जिला महामंत्री जगत सिंह गुर्जर ने किया। 184 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला हाईटेक कॉम्प्लेक्स सेक्टर-13 में 7.16 हेक्टेयर में कर्मशिला भवन तैयार किया जाएगा। 18 माह में पूरा होगा। भवन में 400 से अधिक छोटे-बड़े कमरे, चैम्बर्स, कोर्ट रूम्स और ऑफिस केबिन्स निर्मित किए जाएंगे। तीन विंग बनेंगी। भवन में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, 30 दिन तक डेटा बैकअप, ऑटोमैटिक बूम बैरियर और बायोमेट्रिक एक्सेस सिस्टम लगाए जाएंगे। परिसर में 300 किलोवाट क्षमता का ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, एलईडी लाइटिंग और ऑक्यूपेंसी सेंसर जैसी सुविधाएं रहेंगी। आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश दीक्षित ने बताया कि कर्मशिला निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। डबल हाइट ग्रैंड रिसेप्शन, वेटिंग लाउंज, अलग कैंटीन और फूड कोर्ट बनाया जाएगा।