नगरीय निकाय चुनावों में 10 में से 9 नगर निगमों और उदयपुर में लगातार 7वीं बार भाजपा का बोर्ड बनने से उत्साहित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अब ग्रामीण अंचल में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का शंखनाद मेवाड़-वागड़ से कर दिया है। शनिवार शाम डबोक स्थित एक रिसॉर्ट में उदयपुर संभाग के 5 जिलों- उदयपुर, राजसमंद, सलूंबर, चित्तौड़गढ़ व डूंगरपुर के भाजपा दिग्गजों की डेढ़ घंटे (शाम 6 से 7:30 बजे) चली मैराथन बैठक में सीएम ने पंचायतीराज चुनाव में भाजपा की जीत की रणनीति बनाई। सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, नवनियुक्त महापौर व सभापतियों की मौजूदगी में सीएम भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस वन स्टेट, वन इलेक्शन को असंभव बताती थी, लेकिन जनता ने भाजपा पर मुहर लगा दी। प्रदेश के 10 नगर निगम में से 9 में भाजपा के महापौर बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी पंचायत चुनाव को केवल चुनाव न मानें, इसे जनसेवा का महायज्ञ समझें और बूथ स्तर तक सरकार की योजनाओं का डंका बजाएं। सीएम ने तंज कसा कि हमारी सरकार के 33 माह कांग्रेस के 60 महीनों (5 साल) के शासन पर भारी हैं। कांग्रेस के भ्रम व तुष्टिकरण का जवाब तथ्यों और संयम से दें। लक्ष्य तय: निकाय के बाद अब गांवों में ट्रिपल इंजन का टारगेट सौगात भी: 7 जिलों के लिए 1452 कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास प्रतापगढ़ में समारोह के दौरान सीएम ने संभाग के 7 जिलों को 924 करोड़ से अधिक लागत के 1,452 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 668 करोड़ के 1,029 कार्यों का शिलान्यास और 256 करोड़ के 423 का लोकार्पण शामिल है। उदयपुर को 166.80 करोड़ के 526 कार्य मिले। जनजातीय विरासत को सहेजने के क्रम में सीएम ने राजससंघ के ‘वनगिरि’ ब्रांड के पहले शहद उत्पाद ‘आदिपराग’ (वाइल्ड फॉरेस्ट हनी) को लॉन्च किया। वन धन विकास केंद्रों के उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए राजससंघ और कॉनफैड के बीच एमओयू भी हुआ। अचानक एक पुस्तक के विमोचन के लिए सीएम से आग्रह किया गया, जिसको वो हंसकर टाल गए। कांग्रेस पर तंज: पानी, बिजली और रोजगार के आंकड़ों से काम गिनाए सीएम शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारी सरकार वादे नहीं करती, काम को धरातल पर उतारती है। हमने 33 महीनों में कांग्रेस के 5 साल से 3 से 28 गुना तक ज्यादा काम किए हैं। कांग्रेस पानी जैसे मुद्दे पर राजनीति करती रही, जबकि हमने रामजल सेतु लिंक, यमुना जल और किशाऊ परियोजनाओं के समझौते आगे बढ़ाए। रिफाइनरी का काम शुरू कराया और 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य है। ढाई साल में 1.90 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1.22 लाख पदों पर प्रक्रिया जारी है। सीएम ने जिन विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में नगरीय निकाय के परिणाम उत्कृष्ट नहीं रहे, उन्हें पंचायत चुनाव की पुख्ता तैयारी करने की नसीहत भी दी। संभागस्तरीय बैठक में ये पदाधिकारी मौजूद रहे भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल एवं जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि बैठक में उदयपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदड़ा, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, सलूंबर विधायक शांतिलाल मीणा, सागवाड़ा विधायक शंकर डेचा, राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी, महापौर पारस सिंघवी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, जिला प्रभारी हरीश पाटीदार, राजसमंद जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, मानसिंह बारहठ, सलूंबर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, नारायण पुरोहित आदि मौजूद रहे।