बारां| जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर बालमुकुंद असावा और एसपी अभिषेक अंदासु ने बुधवार को नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर और एसपी ने लंका कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 18 और 19, गजनपुरा स्थित महिला स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र सहित कोतवाली, कोटा रोड, स्टेशन रोड, अंजुमन चौराहा, मेलखेड़ी बाइपास पर स्थापित पोलिंग बूथों का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर सुगम मतदान और मतदाताओं की सुविधा के लिए पानी, बिजली, छाया, स्वच्छता और दिव्यांगजनों के लिए रैंप जैसी बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया। एसपी ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की स्थिति, बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरे का निरीक्षण कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के साथ भयमुक्त और निष्पक्ष माहौल में मतदान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।