जिला कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस परिसर में अब नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 500 रुपए का जुर्माना लगेगा। यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रोजाना एक यातायात पुलिसकर्मी तैनात किया गया है। यातायात पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल बलकरण सिंह ने बताया कि निर्धारित पार्किंग के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई होगी। परिसर में पोस्टर भी लगाए गए हैं। वाहन ड्राइवरों से अपील है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों को पहले समझाया जाता है। इसके बावजूद वाहन नहीं हटाने पर ऑनलाइन चालान होता है। जरूरत पड़ने पर वाहन सीज भी किया जाता है। कर्मचारियों से भी पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील की गई है, ताकि लोग प्रेरित हों। बलकरण सिंह ने बताया कि व्यवस्था लागू होने के बाद सुधार दिख रहा है। दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।