चुनावी मुकाबले में भले ही कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी एक-दूसरे के सामने हों, लेकिन बुधवार शाम सहकार भवन स्थित वार्ड-4 के पोलिंग बूथ पर तस्वीर कुछ अलग ही नजर आई। शाम करीब पौने पांच बजे एक बुजुर्ग महिला मतदाता व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं। उन्हें पोलिंग बूथ तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी ने राजनीतिक मतभेद भुलाकर एक साथ मदद का हाथ बढ़ाया। दोनों प्रत्याशी बुजुर्ग महिला की व्हीलचेयर को संभालते हुए उन्हें मतदान केंद्र के अंदर तक लेकर गए।