कांग्रेस ने निकाय चुनावों में हार के बाद पंचायत चुनाव जीतने का पूरा फार्मूला बदल डाला। नए एक्शन प्लान के तहत हर घर का वोट पक्का करने की रणनीति अपनाते हुए दिल्ली, जयपुर के गलियारों में दिखने वाले सारे नेताओं की फौज फील्ड में उतार डाली। अनुभवी 498 कंधों पर प्रदेश की 14403 पंचायतें जीतने का भार डाला गया है। 20 स्टार प्रचारकों के बाद 41 ही जिलों के जिला पर्यवेक्षक तय किए गए हैं। उसके नीचे सभी 457 पंचायत समितियों के कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं। इस तरह 498 नए प्रभारी के अलावा 20 मिलाकर 518 प्रदेश स्तरीय नेता पूरे पंचायत चुनाव की कमान संभालेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने नए पर्यवेक्षकों, समन्वयकों को लेकर गाइडलाइन जारी की। भाया, मेघवाल, रावत सहित 16 पूर्व मंत्री बनाए जिलों में पर्यवेक्षक कांग्रेस ने पंचायत चुनाव के लिए जिला पर्यवेक्षक लगाए हैं। 41 जिलों में से प्रमोद जैन भाया को जयपुर, सुखराम विश्वनोई अजमेर, बाड़मेर और बालोतरा में करणसिंह उचियारड़ा, अशोक चांदना को राजसमंद, जोधपुर और फलौदी में हेमसिंह शेखावत, रोहित बोहरा को उदयपुर और सलूंबर, जालोर में गोविंद मेघवाल, झुंझुनूं में ममता भूपेश, कोटपूतली बहरोड़ में रामकेश मीणा, अलवर में वैभव गहलोत, भीलवाड़ा में रघु शर्मा, बीकानेर में उदयलाल आंजना, कोटा में जितेंद्र सिंह, सीकर में परसादी लाल मीणा, भरतपुर और डीग में मुरारीलाल मीणा, चित्तौडगढ में भजनलाल जाटव, श्रीगंगानगर में उम्मेदाराम बेनीवाल, टोंक में बृजेंद्र सिंह ओला, खैरथल-तिजारा में धर्मेंद्र राठौड़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में रफीकखान, डूंगरराम गेदर को झालावाड़,कृष्णा पूनिया नागौर और डीडवाना कुचामन, अनिल शर्मा पाली, मनीषा पंवार सिरोही, अमीन कागजी दौसा, शकुंतला रावत करौली, परसादीलाल मीणा सीकर, प्रतापसिंह खाचरियावास बारां, हरसहाय यादव ब्यावर, कुलदीप इंदौरा बूंदी, भजनलाल जाटव चित्तौड़गढ़, सारिका चौधरी चूरू, महेंद्र चौधरी धौलपुर, एमडी चौपदार हनुमानगढ़, सुमित भगासरा प्रतापगढ़, शाले मोहम्मद सवाईमाधोपुर और प्रह्लाद गुंजल को जैसलमेर का पर्यवेक्षक बनाया गया है। हर पंचायत समिति के नए प्रभारी होंगे: राजस्थान की 457 पंचायत समितियों में भी कॉर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार राज्य की सभी 457 पंचायत समितियों के लिए चुनावी समन्वयकों की सूची जारी की है। जिलों की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी करेगी चयन: कांग्रेस महासचिव ललित तूनवाल ने सभी जिलों को पंचायत चुनाव को लेकर निर्देश जारी किए। इसके अनुसार हर जिले में पॉलिटिकल अफेयर कमेटी प्रत्याशियों का चयन करेगी। इसमें जिला प्रभारी, सह प्रभारी, सांसद, सांसद प्रत्याशी, विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सदस्य होंगे। जिले के वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष अग्रिम संगठन, जिला अध्यक्ष आदिवासी, ओबीसी, एससी, अल्पसंख्यक, आरजीपीआरएस संगठन विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।