श्री स्वर्ण दुर्गा कैलाशपति मंदिर में शनिवार को राधाष्टमी जन्मोत्सव व श्रीकृष्ण छठी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्तिभाव के साथ हुआ। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर देर तक गूंजता रहा। राधा-कृष्ण के भजनों पर महिलाओं ने भाव-विभोर होकर नृत्य किया और भक्ति में सराबोर नजर आईं। स्थानीय गायक सीमा शर्मा, उमा शर्मा, सीमा सैनी, कमलेश, आशा जांगिड़, अंजली गुप्ता, रीना और संतरा ने राधा-कृष्ण की भक्तिपूर्ण भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान राधा-कृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। आयोजन में कन्या पूजन किया गया। इसके बाद विधिवत आरती हुई और श्रद्धालुओं को तीर्थ प्रसाद वितरित किया गया। महोत्सव में भक्ति, संगीत और उल्लास का संगम देर तक बना रहा। इस दौरान घनश्याम गुप्ता, गोविंद नारायण पारीक, धन्नालाल मीणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्री राधाष्टमी पर सजा श्री गोपाल मंदिर-गूंजे जयकारे : मेहंदवास स्थित श्री गोपाल मंदिर में राधाष्टमी पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया और भगवान गोपालजी की मनोहारी झांकी सजाई। कीर्तन में आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गोपालजी के जयकारे लगाए, इससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर क्षेत्र में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। आयोजन में भंवरलाल, विष्णु प्रसाद, जीतराम यादव, हरिबाबू पालीवाल, बद्री, ओमप्रकाश यादव, मदन चोपड़ा, रामलाल चौधरी, बुद्धिप्रकाश, लक्ष्मण, श्योजीराम यादव, मोती यादव आदि मौजूद रहे।