भास्कर न्यूज | पीपलू उपखंड क्षेत्र में इन दिनों सरसों की बुवाई को लेकर किसान खेत तैयार करने में जुटे हुए हैं। कुछ किसानों ने ब्लैक में डीएपी उर्वरक खरीद कर सरसों की बुवाई भी शुरू कर दी है। सरसों की बुवाई को लेकर किसानों को डीएपी उर्वरक की आवश्यकता है। लेकिन क्षेत्र में डीएपी उर्वरक की किल्लत के चलते किसान खासे परेशान हैं। किसानों को मजबूरी में 1350 रुपए का आने वाला कट्टा 2100-2200 रुपए में खरीदना पड़ रहा है। क्षेत्र की सहकारी समितियों में भी डीएपी व यूरिया उर्वरक उपलब्ध नहीं होने के चलते किसानों को मजबूरी में ब्लैक में उर्वरक खरीदना पड़ रहा है। पीपलू ग्राम सेवा सहकारी समिति व्यवस्थापक ने बताया कि समिति ने इस वर्ष केवल मात्र 840 डीएपी उर्वरक के कट्टे वितरित किए हैं।समिति द्वारा इफको, आईपीएल, कृभको कंपनी को डीएपी यूरिया उर्वरक को लेकर डिमांड दे रखी है लेकिन अब तक उर्वरक उपलब्ध नहीं करवाया गया है। किसान नरेश गुर्जर, नरेंद्र, हनुमान, रामलाल, सीताराम, ने बताया कि डीएपी उर्वरक की किल्लत के चलते खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्र के निजी उर्वरक विक्रेता ब्लैक में उर्वरक बेच रहे हैं।वह भी गुप्त तरीके से देते है, यदि उन्हें उर्वरक के दाम को लेकर कुछ बातचीत करते हैं तो वह स्पष्ट मना कर देते हैं। संदेड़ा ग्राम सेवा सहकारी समिति व्यवस्थापक कजोड़ शर्मा ने बताया कि उर्वरक के लिए डिमांड भेजी हुई है, लगातार उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है उर्वरक उपलब्ध होते ही किसानों को वितरित कर दिया जाएगा। टोंक |किसानों को डीएपी के साथ जबरन नैनो डीएपी व अन्य उत्पाद बेचने की शिकायत पर कृषि विभाग ने मेहंदवास ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई की है। अधिसूचित प्राधिकारी व संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) रामलाल जाट ने समिति का खुदरा उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग के अनुसार जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को यूरिया व डीएपी के साथ किसी अन्य उत्पाद की जबरन बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। ^ इस समय किसानों के सामने जो खाद की समस्या है। उसके समाधान के लिए जल्दी ही सहकारी समितियों में उर्वरक पहुंच जाएगा।क्षेत्र की सभी सहकारी समितियां में उर्वरक उपलब्ध होते ही खाद वितरित करवा दिया जाएगा। रामावतार गुर्जर, सहायक कृषि अधिकारी, पीपलू एक- दो दिन में ​स्थिति सुधर जाएगी ^कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, विधायक राजेंद्र गुर्जर सहित हम सब ने मिलकर मुख्यमंत्री से डीएपी व यूरिया उर्वरक किल्लत लेकर चर्चा की थी। एक-दो दिन में रैक आने वाली है। सोमवार तक क्षेत्र के किसानों की उर्वरक की मांग पूरी हो जाएगी और वे बुवाई कर सकेंगे। रामसहाय वर्मा , विधायक निवाई-पीपलू