नागौर| एपीजे अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना के तहत जोधपुर में आयोजित राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में नागौर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में नागौर की छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। जूनियर वर्ग में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, बख्त सागर की कक्षा 7 की छात्रा दीप्ति पुत्री संतोष कुमार पारीक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 410 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। नागौर से जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 10 विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व किया। दीप्ति ने प्रभावी प्रस्तुति और तर्कपूर्ण विचारों से निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं कठौती की छात्रा अर्चना जांगिड़ ने सीनियर वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया। दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों और जिलेवासियों ने खुशी जताई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला एवं राज्य स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को आगामी दिनों में अंतरराज्यीय और विदेश भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। टीम प्रभारी संतोष सांगवा ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास, तर्क क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिकता का विकास होता है। उन्होंने दीप्ति और अर्चना की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।