दौसा जिले में बीती रात मौसम ने अचानक करवट बदली। जिला मुख्यालय समेत सिकराय, बांदीकुई, महवा और मेहंदीपुर बालाजी सहित कई इलाकों में अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। वहीं किसान सरसों की अगेती बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। सिकराय क्षेत्र में अंधड़ से नुकसान सिकराय क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश से कई जगह पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए। हिंगवा रोड पर पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। मानपुर कस्बे में भी पेड़ और बिजली के पोल टूटने से कई ढाणियों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। खेतों में कटी पड़ी बाजरे की फसल को भी बारिश और अंधड़ से नुकसान पहुंचा है। बालाजी में एक घंटे मूसलाधार बारिश मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में करीब एक घंटे तक झमाझम तेज बारिश का दौर चला। तेज बारिश के चलते सड़कें दरिया बन गईं और कई स्थानों पर करीब दो फीट पानी की चादर चलती नजर आई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। आसमान में अभी भी काली घटाएं छाई हुई हैं। वहीं खेतों में कटी पड़ी बाजरे की फसल को बारिश से नुकसान होने की सूचना है।